President Droupadi Murmu Speech: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार 27 जून को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी की अगुआई एनडीए सरकार की सराहना की और कहा कि लोगों ने तीसरी बार इस सरकार पर अपना भरोसा जताया है। 18वीं लोकसभा में यह राष्ट्रपति का पहला संबोधन था। उन्होंने कहा, "मैं 18वीं लोकसभा के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देती हूं। आप सभी देश के मतदाताओं का विश्वास जीतकर यहां पहुंचे हैं। देश और लोगों की सेवा करने का यह अवसर बहुत कम लोगों को मिलता है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सबसे आगे राष्ट्र की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे।" उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी दोबारा निर्वाचित होने पर बधाई भी दी।
