Maha Kumbh Mela 2025: प्रयागराज के महाकुंभ में सोमवार (10 फरवरी) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू डुबकी लगाएंगी। एक आधिकरिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी। इस दौरान वह त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान के साथ ही यहां अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति सुबह संगम नोज़ पहुंचकर त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाएंगी। देश की प्रथम नागरिक का संगम में डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा।