Ram Mandir: राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कारोबारियों में भारी उत्साह, राम मय होंगे दिल्ली के बाजार
Ram Temple Inauguration: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर राजधानी दिल्ली सहित देश भर के व्यापारियों में बेहद उत्साह और उल्लास का माहौल है। देश भर के बाजारों में महा-उत्सव तथा महा दीपावली मनाने की जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। दिल्ली के सभी बाजार रोशनी से गुलजार होंगे। कार्यक्रमों से जहां श्रद्धा भाव की अभिव्यक्ति होगी। वहीं दूसरी तरफ एक बड़ा कारोबार भी हो रहा है
Ram Mandir: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है
Ram Mandir Inauguration: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर राजधानी दिल्ली सहित पूरे देश भर के व्यापारियों में बेहद उत्साह और उल्लास है। देश भर के बाजारों में अभी से महा-उत्सव तथा महा दीपावली मनाने की जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। इस बीच, भारत के व्यापारियों के शीर्ष संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेतृत्व में दिल्ली एवं देश के सभी शहरों में स्थनीय व्यापारी संगठनों ने बड़े स्तर पर एक दर्जन से ज्यादा हजारों विभिन्न कार्यक्रम करने की योजना बनाई है। इन सभी कार्यक्रमों से जहां श्रद्धा भाव की अभिव्यक्ति होगी। वहीं, दूसरी तरफ एक बड़ा कारोबार भी हो रहा है। छोटे तबके के लोगों को बड़ा रोजगार भी मिल रहा है।
शुक्रवार (12 जनवरी) को नई दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित एक 'श्रीराम संवाद' कार्यक्रम में दिल्ली के 200 से अधिक प्रमुख व्यापारी संगठनों की उपस्थिति में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि दिल्ली सहित देश भर में व्यापारी एसोसिएशनों ने अपने सदस्यों के साथ बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि बाजारों को सजाने संवारने के लिए अनेक वस्तुओं एवं सेवाओं की भारी मांग है।
सजावटी सामानों की भारी मांग
- 22 जनवरी को राष्ट्रव्यापी बाजारों में रौनक लाने के लिए LED प्रदर्शनियों एवं साउंड सिस्टम की अधिक मांग है जिनके जरिए अयोध्या का सीधा प्रसारण लोगों को दिखाया जाएगा।
- पारंपरिक भारतीय संगीत बैंड और स्वदेशी वाद्ययंत्र जैसे ढोल, ताशे, नफ़ीरी एवं शहनाई के ज़रिए बाज़ारों को राम की धुन से संगीतमय करने के अनेक बड़े कार्यक्रम करने की योजना है।
- बड़ी संख्या में उन कुशल कलाकारों की मांग है जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं श्री राम की झांकियां बनाते हैं।
- स्थानीय म्यूजिकल ग्रुप्स, गायक एवं लोक गायक सहित इसी प्रकार के अन्य लोगों को भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बुक किया जा रहा है ताकि उत्सव की भावना को बढ़ावा मिले।
विभिन्न प्रकार के आयोजन और रैलियों की तैयारी
- स्कूटर रैलियों, कार रैलियों, और श्रीराम मैराथन आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है।
- बाजारों में जगह-जगह राम फेरी और राम चौकियां उत्सव की चमक को बढ़ाने में योगदान करेंगी।
- श्रीराम संवाद चर्चा और वार्ता का प्लेटफॉर्म दिया जाएगा।
- बड़े पैमाने पर धार्मिक पुस्तकों की बिक्री हो रही है।
- श्री राम मंदिर के आकर्षक मॉडल की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। व्यापारिक संगठन जहां अपने सदस्यों को मॉडल देने की योजना बना रहे हैं।
- इन मॉडल को गिफ्ट में देने का चलन भी बहुत तेजी से बड़ रहा है।
22 जनवरी होगी सबसे खास तैयारियां
- राष्ट्रव्यापी बाजारों को रंग बिरंगी प्रकाश और झंडों से सजाया जाएगा, जिससे एक राम मय वातावरण बनेगा।
- बाजारों या उनके समीप मंदिरों को सजाने की भी व्यापक योजना बनाई जा रही है।
- व्यापारी अपनी दुकानों और घरों को जहां फूलीं एवं रोशनी से सजाएंगे।
- वहीं, मिट्टी के दीपकों की पंक्तियों से प्रकाश भी किया जाएगा जो आध्यात्मिक वातावरण का सृजन करेगा।
- बहुत बड़ी संख्या में जहां बाजारों में भंडारे लगाए जाएंगे।
- वंचित वर्ग को दीपावली जैसा उत्सव मनाने के लिए उन्हें कच्ची भोजन सामग्री, दिये एवं अन्य वस्तुएं बांटे जाने की भी तैयारियां हैं।
प्राण-प्रतिष्ठा के बाद होगा आर्थिक प्रोत्साहन
इतने बड़े पैमाने पर व्यापक तैयारियां और विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों एवं उत्सवों से यह उम्मीद है कि इससे देश में बहुत बड़ा कारोबार होगा जिससे स्थानीय और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण प्रोत्साहन मिलेगा। खंडेलवाल ने कहा कि 22 जनवरी का यह महोत्सव न केवल एक धार्मिक और सांस्कृतिक घटना है। बल्कि हमारे राष्ट्र की एकता और विविधता का एक साक्षात्कार भी है। दिल्ली सहित देश भर के व्यापारी संगठन इस अवसर को देशभर में लोगों के लिए समृद्धि भरे अनुभव बनाने का लक्ष्य रख कर दिन रात इस अभियान में पूर्ण समर्पण से जुटे हैं।
राजधानी के 200 बाजार होंगे गुलजार
खंडेलवाल ने बताया कि अगले दस दिनों में दिल्ली के बाजारों में 200 से अधिक श्री राम संवाद कार्यक्रम होंगे। वहीं लगभग 1000 से अधिक श्री राम चौकी, श्री राम कीर्तन, श्री सुंदरकांड का पाठ, 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ, 24 घंटे का अखंड दीपक प्रज्वलन, भजन संध्या सहित बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम होंगे। दिल्ली के 200 से अधिक प्रमुख बाजार एवं बड़ी संख्या में छोटे बाजारों में श्री राम झंडों एवं लड़ियों से सजावट तथा हर मार्केट में बिजली की रोशनी होगी।
दिल्ली के विभिन्न बाजारों में 300 से अधिक श्री राम फेरी एवं श्री राम पद यात्रा के कार्यक्रम होंगे। वहीं राजधानी के सभी बाजारों और व्यापारियों के घरों एवं दुकानों पर लाखों मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। विभिन्न एसोसिएशन अपने सदस्यों को 5 अथवा 11 दीपक प्रदान कर रही हैं। 500 से अधिक LED और साउंड सिस्टम लगेंगे। वहीं 300 से अधिक स्थानों पर ढोल, ताशे, नफीरी बजेंगी। जबकि लगभग 100 से अधिक श्री राम शोभा यात्रा बाजारों में निकाली जाएंगी। इनमें झांकियां तो होंगी ही साथ में अनेक शोभा यात्राओं में महिलाएं पारंपरिक वेश भूषा में अपने सिर पर श्री राम कलश रख यात्रा में भाग लेंगी। विभिन्न व्यापारी एवं व्यापारियों के नेतृत्व वाले अन्य संगठनों द्वारा 5,000 से अधिक दिल्ली भर में होर्डिंग लगाए जाएंगे।