Ram Mandir inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने अयोध्या में राम मंदिर को लेकर देश भर में उत्साह का जिक्र करते हुए रविवार को लोगों से आग्रह किया कि वे इससे संबंधित भजन जैसी अपनी रचनाओं को सोशल मीडिया पर हैशटैग #ShriRamBhajan के साथ शेयर करें। मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात (Mann Ki Baat)' की ताजा कड़ी में पीएम मोदी ने यह भी बताया कि कई अनुभवी कलाकारों और उभरते युवा कलाकारों ने दिल को छू लेने वाले भजनों की रचना की है।
पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर को लेकर पूरे देश में उत्साह और उमंग है। लोग अपनी भावनाओं को कई तरीकों से व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपने गौर किया होगा कि पिछले कुछ दिनों के दौरान श्रीराम और अयोध्या पर कई नए गीत और नए भजन रचे गए हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग नई कविताएं भी लिख रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा, "इसमें कई अनुभवी कलाकार हैं। नए उभरते युवा कलाकारों ने भी दिल को छू लेने वाले भजनों की रचना की है। मैंने अपने सोशल मीडिया पर कुछ गाने और भजन भी साझा किए हैं।" प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि ऐसा लगता है कि कला जगत अपने अनूठे अंदाज में इस ऐतिहासिक क्षण का भागीदार बन रहा है।
उन्होंने कहा, "एक बात मेरे दिमाग में आती है। क्या हम सभी ऐसी सभी रचनाओं को एक सामान्य हैशटैग के साथ साझा कर सकते हैं? मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप अपनी रचनाओं को सोशल मीडिया पर हैशटैग 'श्री राम भजन' के साथ साझा करें।"
पीएम मोदी ने कहा, "प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर को लेकर पूरे देश में उमंग और उत्साह है। कला जगत भी अपनी अनूठी शैली में इस ऐतिहासिक क्षण का सहभागी बन रहा है। मेरा आग्रह है कि #ShriRamBhajan के साथ आप अपनी रचनाओं को सोशल मीडिया और NaMo App पर जरूर शेयर करें। मैं उनमें से कुछ रचनाओं को अपनी ओर से भी शेयर करूंगा।"
उन्होंने कहा, "यह संकलन भावनाओं और भक्ति के प्रवाह में बदल जाएगा, जिसमें हर कोई राम के लोकाचार से ओत-प्रोत होगा।" बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार 30 दिसंबर को अयोध्या का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने वहां पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन और एक नवनिर्मित एयरपोर्ट का उद्घाटन किया।
इसके अलावा पीएम ने उत्तर प्रदेश में कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी। पीएम मोदी शनिवार को अयोध्या में एक जनसभा में कहा था कि पूरी दुनिया 22 जनवरी को ऐतिहासिक राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का इंतजार कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राम मंदिर की 'प्राण प्रतिष्ठा' के दिन को 'दीपावली' के रूप में मनाने के लिए अपने घरों में दीपक जलाएं।