गणतंत्र दिवस 2024 में दिखेगी नारी शक्ति की ताकत, परेड से लेकर झांकी तक सिर्फ महिलाएं लेंगी हिस्सा

Republic Day 2024: खबरों की मानें तो विभिन्न सेक्टरों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार ने तय किया है कि कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में मार्च पास्ट, झाकिंयां और परफॉर्मेस में सिर्फ महिलाएं शामिल होंगी। रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में सैन्य बलों तथा परेड में शामिल होने वाले अन्य सरकारी विभागों को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि मार्च पास्ट करने वाले दस्ते और उनके साथ जुड़े बैंड तथा झांकियों में सिर्फ महिला प्रतिभागी होंगी

अपडेटेड May 07, 2023 पर 5:16 PM
Republic Day 2024: सूत्रों के मुताबिक, 26 जनवरी 2024 को कर्तव्य पथ पर परेड केवल महिलाएं करती दिखेंगी

अगले साल यानी 2024 में गणतंत्र दिवस (Republic Day 2024) के मौके पर एक नया इतिहास बनने जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 26 जनवरी 2024 को कर्तव्य पथ (Kartavya Path) पर होने वाले परेड (Republic Day 2024) केवल महिलाएं करती दिखेंगी। खबरों की मानें तो विभिन्न सेक्टरों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार ने तय किया है कि कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में मार्च पास्ट, झाकिंयां और परफॉर्मेस में सिर्फ महिलाएं शामिल होंगी। सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में सैन्य बलों तथा परेड में शामिल होने वाले अन्य सरकारी विभागों को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि मार्च पास्ट करने वाले दस्ते और उनके साथ जुड़े बैंड तथा झांकियों में सिर्फ महिला प्रतिभागी होंगी।

न्यूज एजेंसी आईएनएस के मुताबिक, परेड में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का फैसला 7 फरवरी को हुई एक बैठक के दौरान लिया गया था। रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने की अध्यक्षता में हुई बैठक में सेना, नौसेना, वायु सेना, गृह मंत्रालय, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया था। बैठक के लगभग एक महीने बाद, रक्षा मंत्रालय ने 1 मार्च को भाग लेने वाले बलों, मंत्रालयों और विभागों को औपचारिक रूप से एक पत्र जारी किया।

पत्र में अगले साल होने वाली परेड में महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया गया। पत्र में कहा गया है कि डिटेल्स विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि कर्तव्य पथ पर परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों (मार्चिग और बैंड), झांकी और अन्य प्रदर्शनों में केवल महिला प्रतिभागी होंगी। सभी भाग लेने वाले मंत्रालयों, विभागों और संगठनों को भी इसके लिए तैयारियां शुरू करने और इस दिशा में प्रगति के बारे में समय-समय पर रक्षा मंत्रालय को बताने के लिए कहा गया है।


बता दें कि कि गणतंत्र दिवस परेड में पैदल सेना के मार्चिंग दस्ते में पुरुष जवानों की संख्या सबसे अधिक होती है। अधिकारियों का तर्क है कि अभी तक पैदल सेना में महिलाओं को शामिल नहीं किया गया है। उनका कहना है कि मार्चिंग टुकड़ियों का नेतृत्व करने वाले अधिकारियों में अधिकारी रैंक से नीचे के कर्मी होते हैं और सेना में पीबीओआर की महिला कर्मी केवल सैन्य पुलिस कोर में होती हैं।

ये भी पढ़ें- पहलवानों के समर्थन में किसानों के जंतर-मंतर पहुंचने की उम्मीद, दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर लगा भारी जाम

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ज्ञापन में कहा गया है कि विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि गणतंत्र दिवस परेड 2024 में कर्तव्य पथ पर परेड के दौरान होने वाली टुकड़ियों (मार्चिंग और बैंड), झांकी और अन्य प्रदर्शनों में केवल महिला प्रतिभागी होंगी। पिछले कुछ वर्षों में सभी महिला टुकड़ियों और महिला अधिकारियों ने वार्षिक परेड में भाग लिया है, जिसमें प्रमुख सैन्य टुकड़ी भी शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।