पोर्नोग्राफी फिल्में बनाने और ऐप पर पब्लिश करने के आरोप में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति और कारोबारी राज कुंद्रा (Raj Kundra) इस समय जेल में बंद हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर शिल्पा शेट्टी पर भी कई गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं और उन्हें लेकर तमाम अफवाहें भी उड़ रही हैं।

इस बीच, अब शिल्पा शेट्टी ने कई दिनों के बाद पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए सोशल मीडिया में अपना एक बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने सभी को संदेश दिया है कि वह अभी चुप हैं और आगे भी चुप रहेंगी और समय के साथ सभी के सामने सच खुद ही आ जाएगा।

उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ दिन हमारे लिए हर मोर्चे पर चुनौतीपूर्ण रहे हैं। कई तरह की अफवाहें और आरोप लगे हैं। मीडिया और शुभचिंतकों द्वारा मुझ पर बहुत सारे अनुचित आरोप लगाए गए। ढेर सारे ट्रोलिंग और सवाल किए गए… न केवल मुझे बल्कि मेरे परिवार को भी।

बॉम्बे HC ने शिल्पा शेट्टी से पूछा- सूत्रों के हवाले से अगर मीडिया खबर चला रहा है कि तो वो गलत कैसे?

शिल्पा ने आगे लिखा है कि अपना पक्ष मैंने अब तक नहीं रखा... और इस केस में मैं ऐसा करना जारी भी रखूंगी, क्योंकि ये विचाराधीन है, इसलिए मेरी तरफ से झूठे कोट्स देना बंद करें। एक सेलेब के तौर पर अपनी फिलॉसफी को एक बार फिर से दोहराती हूं, कभी सफाई मत दो, कभी शिकायत मत करो।

उन्होंने कहा कि मैं बस इतना कहूंगी कि जांच जारी है, मुझे मुंबई पुलिस और न्याय-व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। एक परिवार के तौर पर हम जितने भी कानूनी उपाय कर सकते हैं, कर रहे हैं। शिल्पा ने अपील करते हुए आगे लिखा है कि तब तक मैं आपसे एक मां के तौर पर विनम्रता के साथ अनुरोध कर रही हूं कि बच्चों के लिए ही सही हमारी निजता का सम्मान करें।

अभिनेत्री ने कहा कि मैं आपसे निवेदन करती हूं, खासकर एक मां के तौर पर, कि हमारे बच्चों के खातिर हमारे परिवार की निजता का सम्मान कीजिए। साथ ही मैं निवेदन करती हूं कि आधी-अधूरी जानकारी पर बिना सच जाने कमेंट करना बंद करें। मैं एक 29 सालों से गरिमापूर्ण, कानून में भरोसा रखने वाली नागरिक और एक मेहनती पेशेवर हूं।

उन्होंने कहा कि लोगों ने मुझ पर भरोसा किया है और मैंने कभी किसी को निराश नहीं किया। इसलिए, सबसे जरूरी है कि ऐसे मुश्किल समय में आप मेरे और मेरे परिवार के अधिकारों का सम्मान करें। हम इस तरह के मीडिया ट्रायल के हकदार नहीं हैं। कृपया कानून को अपने तरीके से काम करने दीजिए। सत्यमेव जयते...।

आपको बता दें कि शिल्पा शेट्टी के पति कुंद्रा को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 19 जुलाई को पोर्नोग्राफी मामले में गिरफ्तार किया था। उन पर भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.