Asian Games 2023: भारत ने जीता चौथा गोल्ड, शूटिंग में बेटियों ने झटका सोना, पदकों की संख्या 16 हुई

Asian Games 2023, Day 4: मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की तिकड़ी ने बुधवार को चीन के हांगझोउ में चल रहे एशियाई खेलों की महिला 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। मनु, ईशा और रिदम की टीम कुल 1759 अंक के साथ शीर्ष पर रही, जिससे भारत मौजूदा खेलों में अपना चौथा गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहा

अपडेटेड Sep 27, 2023 पर 10:30 AM
Asian Games 2023: भारत ने एशियाई खेलों की महिला 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है

Asian Games 2023: एशियन गेम्स के चौथे दिन (Asian Games Hangzhou Day 4) बुधवार सुबह भारत के लिए अच्छी खबर आई। शूटिंग में सिल्वर मेडल के बाद अब भारत को चौथा गोल्ड मेडल भी मिल गया है। मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की तिकड़ी ने बुधवार को चीन के हांगझोउ में चल रहे एशियाई खेलों की महिला 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। मनु, ईशा और रिदम की टीम कुल 1759 अंक के साथ शीर्ष पर रही, जिससे भारत मौजूदा खेलों में अपना चौथा गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहा।

मनु ने क्वालीफिकेशन की अंतिम रेपिड फायर सीरीज में 98 अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। चीन की टीम ने 1756 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता जबकि दक्षिण कोरिया की टीम 1742 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। भारत ने महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में टीम स्पर्धा का सिल्वर मेडल भी जीता।

आशी चौकसी, माणिनी कौशिक और सिफ्ट कौर सामरा की तिकड़ी क्वालीफिकेशन में 1764 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। मेजबान चीन ने कुल 1773 अंक के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि दक्षिण कोरिया ने 1756 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।


सिफ्ट और आशी क्रमश: दूसरे और छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में भी जगह बनाने में सफल रहीं। जबकि माणिनी 18वें स्थान के साथ फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाईं। सिफ्ट ने 594 अंक बनाए जो क्वालीफाइंग में संयुक्त रूप से नया एशियाई रिकॉर्ड है।

4 गोल्ड समेत अब तक कुल 16 मेडल भारत की झोली में आ चुके हैं। इससे पहले भारत ने मंगलवार को एशियाई खेलों की घुड़सवारी प्रतियोगिता में टीम ड्रेसेज इवेंट में शीर्ष पर रहकर गोल्ड मेडल के 41 साल के इंतजार को खत्म किया।

ये भी पढ़ें- Iraq Fire: इराक में एक शादी के दौरान भड़की आग, 100 से भी ज्यादा लोगों की हुई मौत

एड्रेनेलिन फिरफोड पर सवार दिव्यकीर्ति सिंह, हृदय विपुल छेड (चेमक्सप्रो एमरेल्ड) और अनुश अग्रवाला (एट्रो) ने कुल 209.205 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। हालांकि, सुदीप्ति हजेला भी टीम का हिस्सा थी, लेकिन सिर्फ शीर्ष तीन खिलाड़ियों के स्कोर गिने जाते हैं।

चीन की टीम 204.882 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। जबकि हांगकांग ने 204.852 प्रतिशत अंक के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। खेल के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत ने ड्रेसेज इवेंट में टीम गोल्ड मेडल जीता। भारत ने सिल्वर मेडल के रूप में ड्रेसेज में पिछला पदक 1986 में जीता था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।