Chess Olympiad 2024: भारतीय शतरंज के लिए ऐतिहासिक दिन, पुरुष और महिला दोनों टीम ने जीता गोल्ड

Chess Olympiad 2024: ग्रैंडमास्टर डी गुकेश और अर्जुन एरिगेसी ने स्लोवेनिया के खिलाफ 11वें दौर में अपने अपने मैच जीत लिए हैं। इससे भारत ने रविवार (22 सितंबर) को इतिहास रचते हुए 45वें शतरंज ओलंपियाड में अपना पहला गोल्ड मेडल जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया

अपडेटेड Sep 22, 2024 पर 8:25 PM
Story continues below Advertisement
Chess Olympiad 2024: भारत ने 45वें शतरंज ओलंपियाड में अपना पहला गोल्ड मेडल जीता है (Photo: @ChessbaseIndia)

Chess Olympiad 2024 News Updates: भारतीय शतरंज के लिए 22 सितंबर का दिन इतिहास में दर्ज हो गया है। रविवार (22 सितंबर) को पुरुष और महिला दोनों भारतीय टीमों ने 45वें शतरंज ओलंपियाड में अंतिम दौर में अपने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर इस प्रतियोगिता में पहली बार गोल्ड मेडल जीता। ग्रैंडमास्टर डी गुकेश, अर्जुन एरिगेसी और आर प्रज्ञानानंदा ने स्लोवेनिया के खिलाफ 11वें दौर में अपने अपने मैच जीत लिए हैं। वर्ल्ड चैम्पियनशिप चैलेंजर गुकेश और अर्जुन एरिगेसी ने एक बार फिर अहम मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया। इससे भारत को ओपन वर्ग में अपना पहला खिताब जीतने में मदद मिली।

स्लोवेनिया के खिलाफ मुकाबले में गुकेश ने काले मोहरों से व्लादिमीर फेडोसेव के खिलाफ तकनीकी चरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हालांकि, उन्हें मुश्किल से जीत मिली, लेकिन 18 वर्षीय ग्रैंडमास्टर ने शानदार रणनीति अपनाई। एरिगेसी ने तीसरे बोर्ड पर काले मोहरों से खेलते हुए जान सुबेलज को मात दी।

इतना ही काफी नहीं था। इसके बाद प्रज्ञानानंदा ने फॉर्म में आते हुए एंटोन डेमचेंको पर एक शानदार जीत हासिल की। इससे भारत ने एक मैच रहते स्लोवेनिया पर 3-0 से जीत हासिल की। भारतीय पुरुष टीम ने 22 में से 21 अंक हासिल किए। खिलाड़ियों ने सिर्फ उज्बेकिस्तान के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला।


भारतीय महिलाओं ने अजरबेजान को 3.5-0.5 से हराकर देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। डी हरिका ने पहले बोर्ड पर तकनीकी श्रेष्ठता दिखाई और दिव्या देशमुख ने एक बार फिर अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर तीसरे बोर्ड पर अपना व्यक्तिगत गोल्ड मेडल पक्का किया।

आर वैशाली के ड्रा खेलने के बाद वंतिका अग्रवाल की शानदार जीत से भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल सुनिश्चित किया। इसके बाद भारतीय टीम ने बुडापेस्ट में इतिहास रच दिया। उन्होंने 45वें शतरंज ओलंपियाड में ओपन इवेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

ये भी पढ़ें- IND vs BAN 1st Test: चेन्नई टेस्ट में भारत की धमाकेदार जीत, अश्विन के 6 विकेट से बांग्लादेश को 280 रन से हराया

भारतीय पुरुष टीम ने इससे पहले टूर्नामेंट के 2014 और 2022 चरण में कांस्य पदक जीते थे। भारतीय महिला टीम ने चेन्नई में 2022 के चरण में कांस्य पदक जीता था। महिला टीम के लिए टूर्नामेंट की स्टार दिव्या रहीं, जिन्होंने 11 में से 9.5 अंक के साथ शानदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की ओर से गुकेश ने 10 में से 9 अंक हासिल किए, जबकि अर्जुन ने 11 में से 10 अंक हासिल किए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।