French Open 2023: फ्रेंच ओपन 2023 की शुरुआत 28 मई से पेरिस के रोलैंड गैरोस में हो चुकी है। फ्रेंच ओपन पेरिस के प्रतिष्ठित रोलैंड गैरोस स्टेडियम में 11 जून तक चलेगा। टेनिस फैंस इस साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम इवेंट में एक्शन देखने के लिए उत्सुक हैं। भारत में भी टेनिस फैंस 2023 फ्रेंच ओपन को लाइव देखने के लिए विभिन्न चैनलों में से किसी एक को चुन सकते हैं, क्योंकि कई चैनल इस टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण कर रहे हैं। इस बीच टेनिस फैंस उस वक्त निराश हो गए जब दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल (Rafael Nadal) ने पिछले हफ्ते कूल्हे की चोट के कारण फ्रेंच ओपन से हटने की घोषणी की। उन्हें उम्मीद है कि 2024 उनके पेशेवर करियर का अंतिम सत्र होगा।
ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन में रिकॉर्ड 14 खिताब जीतने वाले नडाल 2005 में इस टूर्नामेंट में पदार्पण के बाद पहली बार इसमें नहीं खेल पाएंगे। अगले महीने 37 साल के होने वाले नडाल ने स्पेन के मेनाकोर में अपनी टेनिस अकादमी में एक प्रेस कॉन्फेंस में दौरान अपनी वापसी और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। स्पेन में पत्रकारों से बातचीत में नडाल ने कहा कि वे टेनिस दौरे में वापसी के लिए कोई डेट निर्धारित नहीं करना चाहते। टूर्नामेंट में वापसी में महीनों लग सकते हैं, लेकिन उन्होंने अगले वर्ष खेल से संन्यास लेने के अपने इरादे को स्पष्ट किया।
आपको बता दें कि नडाल ने फ्रेंच ओपन में 18 बार हिस्सा लेते हुए 112 मैच जीते हैं और उन्हें सिर्फ तीन बार हार का सामना करना पड़ा है जो किसी भी एक ग्रैंडस्लैम में महिला और पुरुष वर्ग में विश्व रिकॉर्ड है। जब नडाल ने पिछले साल 36 साल की उम्र में पैर के पुराने दर्द से जूझते हुए ट्रॉफी जीती तो वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे उम्रदराज चैंपियन बन गए।
भारत में कब और कहां देखें लाइव?
भारत में टेनिस फैंस Sony Sports Ten 5, Sony Sports Ten 3 (हिंदी), Sony Sports Ten 2 (अंग्रेजी) और Sony Sports Ten 4 (तमिल और तेलुगु) पर फ्रेंच ओपन 2023 का लाइव कवरेज देख सकते हैं। मेन ड्रा मैच दोपहर 2.30 बजे से शुरू होंगे और फाइनल 11 जून को शाम 6.30 बजे शुरू होगा। भारत में दर्शकों के पास Sony LIV पर टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग देखने का भी विकल्प होगा। प्लेटफॉर्म का सालाना सब्सक्रिप्शन 999 रुपये में उपलब्ध है।