'सोशल मीडिया मायने नहीं रखता...': कोच गौतम गंभीर ने केएल राहुल का किया सपोर्ट

KL Rahul: भारतीय कोच गौतम गंभीर ने केएल राहुल के टेस्ट क्रिकेट में हालिया फॉर्म पर बढ़ती आलोचनाओं के बीच उनका समर्थन किया है। बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में भारत के 46 रन पर आउट होने के बाद राहुल दूसरी पारी में 12 रन पर आउट हो गए। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा

अपडेटेड Oct 23, 2024 पर 7:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
KL Rahul: टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने आलोचनाओं से घिरे केएल राहुल का समर्थन किया है

CRKL Rahul criticism: टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने आलोचनाओं से घिरे बल्लेबाज केएल राहुल का समर्थन करते हुए बुधवार (23 अक्टूबर) को कहा कि सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा उनके लिए मायने नहीं रखती। बेंगलुरु टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की आठ विकेट से हुई हार में राहुल ने दोनों पारियों में शून्य और 12 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। गंभीर ने खराब फॉर्म से जूझ रहे केएल राहुल का बचाव करते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट की राय मायने रखती है, सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना नहीं ।

राहुल न्यूजीलैंड (India vs New Zealand second Test) के खिलाफ बेंगलुरू टेस्ट की पहली पारी में खाता भी नहीं खोल सके थे। जबकि दूसरी पारी में 12 रन बनाए थे। गंभीर ने दूसरे टेस्ट से पहले पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा, "सोशल मीडिया बिल्कुल भी मायने नहीं रखता है। मायने यह रखता है कि टीम मैनेजमेंट और नेतृत्व क्या सोचता है। वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है और कानपुर में (बांग्लादेश के खिलाफ कठिन विकेट पर) अच्छी पारी खेली थी।"

गंभीर ने आगे कहा, "मुझे यकीन है कि उसे पता है कि उसे बड़ी पारी खेलनी है और वह खेल सकता है। यही वजह है कि टीम उसके साथ है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी पर टीका टिप्पणी की जाती है।" राहुल पर भारत के निचले मध्यक्रम में नियमित स्थान के लिए दबाव बढ़ रहा है, क्योंकि सरफराज खान मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। बेंगलुरु में सरफराज ने ओपनर शुभमन गिल की अनुपस्थिति में प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के बाद बड़ा शतक बनाया था।


विकेटकीपिंग करेंगे पंत

गौतम गंभीर ने कहा है कि ऋषभ पंत को फिटनेस की कोई समस्या नहीं है। वह विकेटकीपिंग करेंगे जबकि जसप्रीत बुमराह के कार्यभार पर न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार (24 अक्टूबर) से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट के बाद फैसला लिया जाएगा। पंत को बेंगलुरू में पहले टेस्ट के दूसरे दिन चोट लगी थी और उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की थी। पंत ने वापसी करके 99 रन बनाए लेकिन विकेटकीपिंग नहीं की। गंभीर ने कहा, "वह कल विकेटकीपिंग करेगा। फिटनेस को लेकर कोई समस्या नहीं है।"

बुमराह ने इस सत्र में भारत में तीनों टेस्ट खेले और अब ऑस्ट्रेलिया दौरे में भी ज्यादा समय नहीं है तो भारतीय टीम दूसरे टेस्ट के बाद उन्हें आराम दे सकती है। गंभीर ने कहा, "एक बार सीरीज पूरी होने के बाद हमारे पास 10 या 12 दिन होंगे जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट शुरू होगा। हमारे तेज गेंदबाजों को भी अच्छा ब्रेक मिल जाएगा, लेकिन इस टेस्ट के बाद बुमराह के बारे में फैसला लेंगे।"

उन्होंने कहा, "बात सिर्फ जसप्रीत बुमराह की नहीं है, हमें सभी तेज गेंदबाजों का ख्याल रखना है। हम उन्हें तरोताजा रखना चाहते हैं। हमें पता है कि आस्ट्रेलिया का लंबा और महत्वपूर्ण दौरा होना है।" उन्होंने कहा, "कार्यभार प्रबंधन इस टेस्ट मैच के नतीजे और इस पर निर्भर करेगा कि उन्हें कितनी गेंदबाजी करनी पड़ रही है।" गंभीर ने कहा कि गले में जकड़न के कारण बेंगलुरू टेस्ट से बाहर रहे शुभमन गिल इस मैच में खेलेंगे।

ये भी पढ़ें- IND vs NZ Test: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद टीम इंडिया में बदलाव, दो टेस्ट मैचों के लिए वाशिंगटन सुंदर की एंट्री

शुभमन गिल पुणे मैच में भी रहेंगे बाहर

हेड कोच ने कहा, "शुभमन वापसी नहीं कर रहा है, वह टीम में पहले से था। पिछले मैच में वह चोटिल था जिसकी वजह से नहीं खेल सका।" गंभीर ने कहा कि उनकी कोचिंग का फलसफा विषमताओं में जीत दर्ज करना है और भारत ने बेंगलुरू टेस्ट में वापसी का जज्बा दिखाया था। उन्होंने कहा, "क्रिकेट में यह चलता है। अगर आपने कानपुर में हमारे खेल का मजा लिया तो बेंगलुरू जैसे दिनों को भी स्वीकार करना होगा। अच्छी बात यह है कि 46 रन पर आउट होने के बावजूद हम टेस्ट जीतने की कोशिश कर रहे थे। हम ऐसा ही क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हमारा अंतिम लक्ष्य हर हालत में जीतने का होता है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।