IND vs ENG: हार्टले ने पहले टेस्ट में टीम इंडिया को किया 'हर्ट', इंग्लैंड ने भारत पर 28 रन से दर्ज की यादगार जीत

India vs England 1st Test: यह हार भारत को गहरा घाव देगी क्योंकि टीम 25 साल के लंकाशर के ऐसे गेंदबाज के सामने ढह गयी जिसे मिलाकर केवल तीन अंतरराष्ट्रीय मैच का अनुभव है। पिच पर काफी टर्न और वैरिएबल उछाल मौजूद था। लेकिन भारतीय बल्लेबाज इससे निपट नहीं सके। शुभमन गिल (0), यशस्वी जयसवाल (15) और श्रेयस अय्यर (13) अपनी ही असमक्षता से आउट हुए

अपडेटेड Jan 28, 2024 पर 8:06 PM
Story continues below Advertisement
India vs England 1st Test: घरेलू टेस्ट में 2013 के बाद यह भारत की चौथी हार है

India vs England 1st Test: ओली पोप के 196 रनों की ऐतिहासिक शतक के बाद बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले (62 रन देकर 7 विकेट) के जादुई स्पैल से इंग्लैंड ने रविवार को हैदराबाद में पहले टेस्ट के चौथे दिन भारत को 28 रनों से हरा दिया। इस यादगार जीत से इंग्लैंड की टीम पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 231 रन का लक्ष्य दिया। लेकिन हार्टले की फिरकी के जाल में फंसकर मेजबान टीम चौथे दिन दूसरी पारी में 69.2 ओवर में 202 रन पर सिमट गई।

घरेलू टेस्ट में 2013 के बाद यह भारत की चौथी हार है। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का रवैया पोप के रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की गेंदबाजी से निपटने के तरीके से बिल्कुल विपरीत था। भारत के दोनों अनुभवी स्पिनर पिच पर कभी भी खतरनाक नहीं दिखे और इंग्लैंड ने दूसरी पारी में काफी रन बटोर लिए। इससे पहले इंग्लैंड ने शनिवार के स्कोर छह विकेट पर 316 रन से आगे खेलना शुरू किया और पोप की बदौलत दूसरी पारी में 420 रन बनाये जिससे उन्हें काफी अच्छी बढ़त मिली।

यह हार भारत को गहरा घाव देगी क्योंकि टीम 25 साल के लंकाशर के ऐसे गेंदबाज के सामने ढह गयी जिसे मिलाकर केवल तीन अंतरराष्ट्रीय मैच का अनुभव है। पिच पर काफी टर्न और वैरिएबल उछाल मौजूद था। लेकिन भारतीय बल्लेबाज इससे निपट नहीं सके। शुभमन गिल (0), यशस्वी जयसवाल (15) और श्रेयस अय्यर (13) अपनी ही असमक्षता से आउट हुए। जायसवाल सिली प्वाइंट पर पोप को कैच देकर लौटे। दो गेंद बाद ही गिल भी लौट गए जो खाता भी नहीं खोल पाए। इस बार भी कैच सिली प्वाइंट पर पोप ने लपका।


हार्टले ने रोहित शर्मा (39 रन) को आउट करके तीसरा विकेट लिया। इसके बाद केएल राहुल और अक्षर पटेल ने संभलकर खेला और चाय तक कोई विकेट नहीं गंवाया। हार्टली का सामना करने के लिये श्रेयस अय्यर के ऊपर अक्षर को भेजा गया। लेकिन चाय के ब्रेक के बाद अक्षर को हार्टले ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। राहुल (22) एक और प्रभावी पारी खेलने की ओर बढ़ रहे थे लेकिन जो रूट की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।

रविंद्र जडेजा तेजी से एक रन लेने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के सीधे थ्रो से रन आउट हो गए। वह हैमस्ट्रिंग को पकड़कर चल रहे थे जो भारतीय खेमे के लिए चिंता का विषय हो सकता है। लंच तक भारत ने तीन विकेट गंवाये थे और अंतिम सत्र में तीन विकेट गंवाने के बाद अश्विन (28) और केएस भरत (28) ने आठवें विकेट के लिए 58 रन की भागीदारी निभाकर उम्मीद जगाई।

ये भी पढ़ें- Bihar News: 9वीं बार सीएम पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को दी बधाई

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में 400 से ऊपर स्कोर किया और भारत के खिलाफ 2012 के बाद दूसरी बार ही कोई टीम इस आंकड़े को छूने में कामयाब रही है। पोप ने टॉम हार्टली (35) के साथ 106 गेंद में 80 रन की साझेदारी की। उन्होंने रिवर्स स्वीप और स्वीप शॉट बखूबी खेले। रविचंद्रन अश्विन ने इस साझेदारी को तोड़कर हार्टली को आउट किया। इसके बाद भारत ने जल्दी विकेट चटकाए। जसप्रीत बुमराह ने धीमी गेंद पर पोप को आउट करके इंग्लैंड की पारी का अंत किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।