IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने भारत में 36 साल बाद जीता टेस्ट, रोहित शर्मा बोले, 'हालात को भांपने में गलती हुई'

India vs New Zealand 1st Test: न्यूजीलैंड ने रविवार (20 अक्टूबर) को भारत में 36 साल बाद ऐतिहासिक टेस्ट मैच जीत दर्ज की। इससे पहले आखिरी बार न्यूजीलैंड ने भारत को 1988 में जॉन राइट की कप्तानी में वानखेड़े स्टेडियम पर 136 रन से हराया था

अपडेटेड Oct 20, 2024 पर 2:39 PM
India vs New Zealand: आखिरी बार न्यूजीलैंड ने भारत को 1988 में वानखेड़े स्टेडियम पर 136 रन से हराया था

India vs New Zealand Score 1st Test: न्यूजीलैंड ने जसप्रीत बुमराह के खतरनाक स्पैल का डटकर सामना करते हुए आखिरी दिन किसी चमत्कार की भारत की कोशिशों पर पानी फेर दिया। पहला टेस्ट आठ विकेट से जीतकर न्यूजीलैंड ने 36 साल बाद भारतीय सरजमीं पर पारंपरिक प्रारूप में सफलता का स्वाद चखा। आखिरी बार न्यूजीलैंड ने भारत को 1988 में जॉन राइट की कप्तानी में वानखेड़े स्टेडियम पर 136 रन से हराया था। जीत के लिये 107 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने शुरूआती झटकों के बाद कोई कोताही नहीं बरती। विल यंग 48 रन बनाकर और रचिन रविंद्र 39 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को तीन मैचों की सीरीज में 1.0 से बढत दिला दी।

पहली पारी में 46 रन पर आउट होने के बावजूद भारत ने जिस तरह मैच में वापसी की थी, वह काबिले तारीफ है। उसे अब पुणे में 24 अक्टूबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में इस हार को भुलाकर अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा। गले की जकड़न से उबरने के बाद शुभमन गिल की दूसरे टेस्ट में वापसी तय लग रही है। लेकिन पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 150 रन बनाने वाले सरफराज खान को अब अनदेखा नहीं किया जा सकता।

भारत को यह भी देखना होगा कि तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरना है या तीन स्पिनर ही उतारने है। यह फैसला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर कारगर साबित नहीं हुआ। आखिरी दिन गीली आउटफील्ड के कारण मैच एक घंटा देरी से 10 बजकर 15 मिनट पर शुरू हुआ। नई गेंद संभालते हुए बुमराह ने 29 रन देकर दो विकेट लिए।


टॉम लाथम खाता खोले बिना पहले ही ओवर में आउट हो गए। अंपायर ने उन्हें पगबाधा आउट दिया जिस पर उन्होंने रिव्यू लिया। डीआरएस में भी उनके आउट होने की पुष्टि हो गई। भारत को तीसरे तेज गेंदबाज की कमी महसूस हुई होगी क्योंकि विकेट से बुमराह और मोहम्मद सिराज को मदद मिल रही थी। भारत ने तीसरे स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव को उतारा था जिन्होंने तीन ओवर में 26 रन दिए।

डेवोन कोंवे भी बुमराह के सामने असहज लग रहे थे और 17 रन बनाकर पगबाधा आउट हो गए। न्यूजीलैंड का स्कोर उस समय दो विकेट पर 35 रन था लेकिन यंग और रविंद्र ने इसके बाद संभलकर खेला। आसमान खिलने के बाद बल्लेबाजी में दिक्कत नहीं हुई और दोनों ने ढीली गेंदों को नसीहत दी। पहली पारी में शतक जमाने वाले रविंद्र ने कुलदीप को छक्का भी लगाया।

'हालात को भांपने में गलती हुई'

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को यकीन है कि न्यूजीलैंड के हाथों पहला टेस्ट आठ विकेट से हारने के बावजूद उनकी टीम उसी तरह वापसी करेगी जैसे इस साल की शुरूआत में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चार मैच जीतकर की थी। रोहित ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, "इस तरह के मैच होते हैं। हम इसे भुलाकर आगे बढेंगे। हमने इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच गंवाने के बाद चार मैच जीते हैं। हमें पता है कि हर एक खिलाड़ी को क्या करना है।"

उन्होंने स्वीकार किया कि हालात को भांपने में उनसे गलती हुई लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने सोचा नहीं था कि भारतीय टीम 46 रन पर आउट हो जाएगी। रोहित ने कहा, "मैने प्रेस काफ्रेंस में कहा था कि हमें पता था कि शुरूआत में दिक्कत होगी लेकिन हमने यह नहीं सोचा था कि टीम 46 रन पर आउट हो जाएगी। न्यूजीलैंड में अच्छी गेंदबाजी की और हम नाकाम रहे।"

ये भी पढ़ें- IND vs NZ Test Score: बेंगलुरु टेस्ट में टीम इंडिया महज 46 रन पर ढेर, विराट कोहली समेत 5 ख‍िलाड़ी 0 पर आउट

कप्तान ने आगे कहा, "दूसरी पारी में हमने अच्छी बल्लेबाजी की। जब आप 350 रन पीछे हों तो ज्यादा कुछ नहनीं कर सकते। कुछ अच्छी साझेदारियां बनी। हम सस्ते में आउट हो सकते थे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरफराज और ऋषभ ने शानदार बल्लेबाजी की। सरफराज ने काफी परिपक्व पारी खेली।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।