IOC Session के उद्घाटन समारोह में बोलीं नीता अंबानी, "देश में खेल के इतिहास के लिए निर्णायक पल होगा यह आयोजन"

IOC Session in India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के 141वें सत्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर आईओसी सदस्य नीता अंबानी ने कहा, "करीब 40 सालों बाद भारत में और मुंबई में पहली बार ऐतिहासिल IOC सेशन का आयोजन करना हमारे लिए एक सम्मान की बात है। आमची मुंबई यानी हमारी मुबंई आप सभी का स्वागत करती है।"

अपडेटेड Oct 15, 2023 पर 12:20 AM
नीता अंबानी ने एशियन गेम्स 2023 में रिकॉर्ड पदक जीतने के लिए भारतीय एथलीटों को बधाई भी दी

IOC Session in India: आईओसी सदस्य और रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडिंग चेयरपर्सन नीता अंबानी (Nita Ambani)ने शनिवार को मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के 141वें सत्र की ओपनिंग सेरमनी का उद्घाटन करने के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद किया। इस मौके पर नीता अंबानी ने अपने संबोधन में कहा, "आदरणीय प्रधान मंत्री, हम बेहद खुशी और कृतज्ञता से भरे हुए हैं कि आप आज हमारे साथ जुड़े हैं। आप दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता, नये भारत के शिल्पकार हैं। खेल के प्रति आपके समर्थन ने भारत में इस सेशन के आयोजित होने के सपने को हकीकत बना दिया है।"

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के प्रेसिडेंट थॉमस बाख (Thomas Bach) और आईओसी के अन्य प्रतिनिधियों को भी स्वागत किया। नीता अंबानी ने कहा, "करीब 40 सालों बाद भारत में और मुंबई में पहली बार ऐतिहासिक IOC सेशन का आयोजन करना हमारे लिए एक सम्मान की बात है। आमची मुंबई यानी हमारी मुबंई आप सभी का स्वागत करती है।"

नीता अंबानी ने इस सत्र को भारत और बाकी दुनिया के बीच एक महान संगम बताया और कहा, “आईओसी की इस बैठक में, मैं दो अद्भुत ताकतों का संगम देख रही हूं। एक ओलंपिक खेल का गौरवाशाली क्रांति है जो मानवता को एकजुट करता है और सभी राष्ट्रीय, नस्लीय, धार्मिक और भाषाई बाधाओं को पार करता है। वहीं दूसरी ओर इस बैठक के मेजबान के रूप में दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत है।''


यह भी पढ़ें- FPIs Selling: विदेशी निवेशकों का पैसा निकालना जारी, अक्टूबर में बेचे अबतक ₹9,784 करोड़ के शेयर

नीता अंबानी ने कहा, “हमारी 5,000 साल पुरानी सभ्यता का मंत्र और आदर्श वाक्य 'वसुधैव कुटुंबकम' है, जिसे हमारे प्रधान मंत्री ने पिछले महीने भारत की अध्यक्षता में हुए G20 शिखर सम्मेलन के थीम के रूप में घोषित किया था। इसका अर्थ है: "संपूर्ण विश्व एक परिवार है।" उन्होंने कहा, "हमारी दुनिया को आज, पहले से कहीं अधिक भाईचारे और एकजुटता में फिर से एक होने की जरूरत है।"

नीता अंबानी ने हाल ही में संपन्न हुए एशियन गेम्स 2023 में रिकॉर्ड पदक जीतने के लिए भारतीय एथलीटों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा, "हमारी युवा लड़कियां और लड़के दुनिया भर के विभिन्न खेलों में शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने चीन में आयोजित एशियन गेम्स में हम सभी को गौरवान्वित किया है। उनमें से कई बहुत ही साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। उनमें से कुछ आज हमारे बीच में बैठे हैं। आइए खूब तालियों के साथ एक बार उन्हें बधाई दें।"

नीता अंबानी ने अपने भाषण के अंत में कहा कि भारत ओलंपिक आंदोलन का पथप्रदर्शक है, जो हर किसी को इसके लिए प्रतिबद्ध होने के लिए प्रोत्साहित करता है। श्रीमती अंबानी ने कहा, "जब हमारे प्रधान मंत्री नरेंद्रभाई मोदी 141वें आईओसी सत्र की शुरुआत की घोषणा करेंगे, तो भारत एक बार फिर दुनिया के सामने न केवल एक मेजबान के रूप में अपनी बांहें खोलेगा, बल्कि यह ओलंपिक आंदोलन का पथप्रदर्शक भी होगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।