BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट से श्रेयस अय्यर और ईशान किशन को किसने किया बाहर? जय शाह ने किया खुलासा

BCCI Contracts: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से निर्देश मिलने के बावजूद घरेलू टूर्नामेंट नहीं खेलने पर ईशान और अय्यर को सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट से बाहर रखा गया है। ईशान पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप के बाद लंबे ब्रेक पर चले गए और IPL में ही लौटे

अपडेटेड May 10, 2024 पर 4:21 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BCCI सचिव जय शाह ने कहा है वह फैसला अजित अगरकर का था

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सचिव जय शाह ने कहा है कि ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट से बाहर रखने का फैसला मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर का था। BCCI से निर्देश मिलने के बावजूद घरेलू टूर्नामेंट नहीं खेलने पर ईशान और अय्यर को सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट से बाहर रखा गया है। ईशान पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप के बाद लंबे ब्रेक पर चले गए और IPL में ही लौटे। वहीं, अय्यर ने रणजी ट्रॉफी में सेमीफाइनल और फाइनल समेत मुंबई के लिए कुछ मैच खेले।

मुंबई टीम जब रणजी खेल रही थी तब अय्यर कोलकाता नाइट राइडर्स के मुंबई कैंप में भाग ले रहे थे। शाह ने मुंबई स्थित BCCI कार्यालय पर मीडिया से बातचीत में कहा, "आप संविधान देख सकते हैं। मैं चयन समिति की बैठक बस बुलाता हूं।"

शाह ने कहा, "वह फैसला अजित अगरकर का था। जब इन दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट नहीं खेला तो उन्हें बाहर रखने का फैसला अगरकर का ही था। मेरा काम बस उस पर अमल करने का है। हमें संजू सैमसन जैसा अच्छा खिलाड़ी मिल गया। कोई भी अपरिहार्य नहीं है।"


BCCI सचिव ने कहा कि उन्होंने बाद में दोनों खिलाड़ियों से बात भी की। उन्होंने कहा, "मैने उनसे बात की। मीडिया में रिपोर्ट भी आई थी। हार्दिक पंड्या ने भी कहा था कि अगर BCCI सफेद गेंद के क्रिकेट के लिए उन्हें चुनता है तो वह विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलने के लिए तैयार है। हर खिलाड़ी को खेलना होगा, भले ही वह नहीं चाहता हो।"

गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच मैच के बाद उन्होंने ईशान से क्या बातचीत की, यह पूछने पर उन्होंने कहा, "मैने उसे कोई सलाह नहीं दी। यह दोस्ताना बातचीत थी कि उसे अच्छा खेलना चाहिए। मैं सभी खिलाड़ियों से ऐसे ही बात करता हूं।"

नए कोच की होगी नियुक्ति

इस बीच, BCCI जल्द ही टीम इंडिया के लिए एक नए मुख्य कोच को नियुक्त करने के लिए विज्ञापन निकालने की योजना बना रहा है, क्योंकि राहुल द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट जून 2024 में समाप्त हो रहा है। पीटीआई के मुताबिक, BCCI सचिव जय शाह ने कहा है कि भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को अगर T-20 वर्ल्ड कप के बाद भी पद पर बने रहना है तो उन्हें फिर से आवेदन करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नए हेड कोच की नियुक्ति 3 साल के लिए होगी।

राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) का करार शुरू में दो साल का था लेकिन उन्हें और सहयोगी स्टाफ को नवंबर में 50 ओवरों के वर्ल्ड कप के बाद कार्यकाल में विस्तार दिया गया। अगले महीने वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद उनका कार्यकाल खत्म हो जाएगा।

जय शाह ने चुनिंदा मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, "हम अगले कुछ दिन में आवेदन मंगवाएंगे। राहुल द्रविड़ का कार्यकाल खत्म होने वाला है। उन्हें पद पर बने रहना है तो फिर से आवेदन करना होगा। हमें दीर्घकालीन कोच चाहिए, 3 साल के लिए...।"

ये भी पढ़ें- BCCI को टीम इंडिया के लिए नए हेड कोच की तलाश, क्या राहुल द्रविड़ फिर करेंगे अप्लाई?

उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग फॉर्मेट्स के लिए अलग कोच रखने का चलन नहीं रहा है लेकिन अंत में फैसला क्रिकेट सलाहकार समिति को लेना है। समिति में जतिन परांजपे, अशोक मल्होत्रा और सुलक्षणा नाईक हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।