Jay Shah ICC Chairman: जय शाह बने ICC के नए चेयरमैन, पाकिस्तान की बढ़ी टेंशन

जय शाह ने कहा, "इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अध्यक्ष के रूप में नामांकन से मैं अभिभूत हूं।" उन्होंने आगे कहा मैं क्रिकेट को और ज्यादा ग्लोबलाइज करने के लिए ICC टीम और हमारे सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं

अपडेटेड Aug 27, 2024 पर 8:46 PM
Story continues below Advertisement
Jay Shah ICC Chairman: जय शाह बने ICC के नए चेयरमैन

बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) सचिव जय शाह को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अगले इंडिपेंडेंट चेयरमैन के रूप में निर्विरोध चुना गया है। ICC ने एक आधिकारिक बयान में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि वह 1 दिसंबर, 2024 को यह पद संभालेंगे। 20 अगस्त को, यह घोषणा की गई कि वर्तमान ICC चेयरमैन ग्रेग बार्कले तीसरे कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाएंगे और नवंबर में अपना कार्यकाल खत्म होने पर पद छोड़ देंगे।

ICC के मुताबिक, जय शाह चेयरमैन पद के लिए अकेले नामांकित उम्मीदवार थे। उन्होंने क्रिकेट की वैश्विक पहुंच और लोकप्रियता का विस्तार करने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया, खासकर LA 2028 ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करने को।

जय शाह (Jay Shah) ने कहा, "इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अध्यक्ष के रूप में नामांकन से मैं अभिभूत हूं।" शाह ने ICC के सबसे युवा चेयरमैन बन कर एक इतिहास रच दिया।


ICC चेयरमैन बनने वाले पांचवे भारतीय

उन्होंने कहा कि मैं क्रिकेट को और ज्यादा ग्लोबलाइज करने के लिए ICC टीम और हमारे सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।

शाह ने कहा, "हम एक अहम मोड़ पर खड़े हैं, जहां कई फॉर्मेट के अस्तित्व को बैलेंस करना, एडवांस टेक्नोलॉजी को अपनाने को बढ़ावा देना और हमारे प्रमुख कार्यक्रमों को नए वैश्विक बाजारों में पेश करना तेजी से महत्वपूर्ण हो गया है। हमारा लक्ष्य क्रिकेट को पहले से कहीं ज्यादा समावेशी और लोकप्रिय बनाना है।"

शाह उन भारतीय अधिकारियों की शानदार लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने क्रिकेट बोर्ड को लीड किया है- जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर।

पाकिस्तान की टेंशन क्यों बढ़ी?

जय शाह के ICC चेयरमैन बनने की खबर पाकिस्तान के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है, क्योंकि पहले से ही पड़ोसी ICC में BCCI के प्रभु्त्व को लेकर सवाल उठाता आया है और ऐसे में अब एक भारतीय के ICC की कमान संभालने से उसकी टेंशन बढ़ गई।

दरअसल अगले साल पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी होने वाली है, लेकिन भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने पर पहले से आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पाकिस्तान को उम्मीद थी कि इस बार ICC किसी तरह से BCCI को मना लेगा। अब जय शाह के आने से ऐसा लगता है कि सीरीज या तो पाकिस्तान से बाहर होगी या फिर हाइब्रिड मोड में खेली जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।