Asia Cup 2023: पाकिस्तानी मीडिया में छपी झूठी खबरों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सचिव जय शाह (Jay Shah) ने बुधवार को उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि वह एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान का दौरा करेंगे। News18 CricketNext के अनुसार, जय शाह ने कहा कि मैं किसी भी बात पर सहमत नहीं हूं। यह केवल स्पष्ट गलत खबर है। संभवत: जानबूझ कर या शरारतवश किया गया है। मैं कोई दौरा नहीं करूंगा।
इससे पहले मंगलवार को बीसीसीआई सचिव शाह और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) प्रमुख जका अशरफ ने डरबन में चल रही ICC बैठक के इतर मुलाकात की, जहां दोनों ने एशिया कप और वनडे विश्व कप पर चर्चा की। पाकिस्तानी मीडिया में यह दावा किया जा रहा है कि जय शाह ने एशिया कप मुकाबलों के लिए पड़ोसी देश का दौरा करने के अशरफ के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
हालांकि, IPL चेयरमैन और ICC में BCCI के CEC प्रतिनिधि अरुण धूमल ने भी ऐसी खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा, जो भी खबरें हैं, बिल्कुल झूठी हैं। इस बीच, एशिया कप टूर्नामेंट की हाइब्रिड व्यवस्था बनी रहेगी, जहां पाकिस्तान चार मैचों की मेजबानी करेगा। जबकि श्रीलंका सभी नॉकआउट और फाइनल सहित 9 मैचों की मेजबानी करेगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का बहुचर्चित मैच श्रीलंका में होगा जिस पर मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व पदाधिकारियों ने मंजूरी जताई थी। इस महीने की शुरूआत में पद संभालने वाले अशरफ ने नजम सेठी की अध्यक्षता वाले पीसीबी के पूर्व प्रशासन द्वारा हाइब्रिड मॉडल को मंजूरी दिए जाने पर नाराजगी जताई थी। पीसीबी 31 अगस्त से 17 सितंबर तक होने वाले एशिया कप का मेजबान है, जो पाकिस्तान और श्रीलंका में खेला जाएगा।
भारतीय टीम श्रीलंका के दाम्बुला में पाकिस्तान से खेल सकती है। पाकिस्तान का अपनी धरती पर एकमात्र घरेलू मैच नेपाल के खिलाफ होगा। इनके अलावा पाकिस्तान में अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश, बांग्लादेश बनाम श्रीलंका और श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान मैच होंगे। हाल ही में पाकिस्तान के खेल मंत्री मजारी ने कहा था कि अगर भारतीय टीम एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं आएगी तो पाकिस्तानी टीम भी वनडे विश्व कप खेलने भारत नहीं जाएगी।