Seema Haider: क्या पाकिस्तान की जासूस है सीमा हैदर? पाक महिला की कहानी में है कई झोल

Seema Haider-Sachin Meena Love Story: भारत सहित दुनियाभर में इन दिनों पाकिस्तानी महिला सीमा गुलाम हैदर और ग्रेटर नोएडा के उसके भारतीय प्रेमी सचिन मीणा की लव स्टोरी के चर्चे हैं। सीमा हैदर अपने प्रेमी सचिन के साथ शादी कर जिंदगी बिताने की चाह रख अवैध रूप से कई अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार कर अपने चारों बच्चों समेत भारत आ गई। सीमा हैदर जिस तरीके से भारत आई, उसको लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं

अपडेटेड Jul 12, 2023 पर 2:18 PM
Story continues below Advertisement
Seema-Sachin Love Story: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीमा हैदर ने हिंदू धर्म अपना लिया है और वह गले में राधे-राधे का पट्टा पहनती हैं

India-Pakistan PUBG Love Story: भारत सहित दुनियाभर में इन दिनों पाकिस्तानी महिला सीमा गुलाम हैदर (Seema Ghulam Haider) और ग्रेटर नोएडा के उसके भारतीय प्रेमी सचिन मीणा (Sachin Meena) की लव स्टोरी (Seema Haider-Sachin Meena Love Story) के चर्चे हैं। सीमा हैदर अपने भारतीय प्रेमी सचिन के साथ शादी कर जिंदगी बिताने की चाह रख अवैध रूप से कई अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार कर अपने चारों बच्चों समेत भारत (India) आ गई। सीमा 13 मई को भारत पहुंची थी। तभी से वह सचिन के साथ ग्रेटर नोएडा में रह रही है। पाकिस्तानी 'भाभी' पूरे दिल से भारतीय संस्कृति को अपनाने की कोशिश कर रही है। सीमा ने न केवल हिंदू धर्म अपना लिया है, बल्कि अपना पसंदीदा खाना चिकन बिरयानी, मांस और मछली भी छोड़ दिया है।

पाकिस्‍तान की प्रेम दीवानी सीमा हैदर ग्रेटर नोएडा के गांव रबूपुरा के रहने वाले सचिन मीणा से ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म PUBG में टकरा गईं। गेमिंग के दौरान दोनों में प्यार हो गया और सीमा अपने चार बच्‍चों के साथ पाकिस्तान से पहले दुबई और फिर नेपाल होते हुए भारत आ गई। पाकिस्तानी महिला के भारत में अवैध रूप से रहने पर दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने किया गिरफ्तार


30 वर्षीय सीमा और 25 वर्षीय सचिन मीणा को 4 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल, कोर्ट से जमानत पर दोनों रिहा हैं। अब सवाल है कि सीमा का क्‍या होगा? क्‍या उसे वापस पाकिस्‍तान जाना पडे़गा या भारत में रहने की इजाजत मिलेगी? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीमा हैदर ने हिंदू धर्म अपना लिया है और वह गले में राधे-राधे का पट्टा पहनती हैं।

कैसे पहुंची भारत?

दोनों को कोविड-19 महामारी के दौरान ऑनलाइन गेम प्लेयर अननोन्स बैटलग्राउंड (PUBG) खेलते समय एक-दूसरे से प्यार हो गया। वे इस साल की शुरुआत में मार्च में नेपाल में मिले और शादी कर ली। जेल से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों को अपनी कहानी सुनाते हुए सीमा ने कहा, "यह बहुत लंबी और कष्टदायक यात्रा थी। मैं भी बहुत डरी हुई थी। मैं सबसे पहले कराची से दुबई गई, जहां हमने 11 घंटे तक इंतजार किया और सो नहीं पाई। इसके बाद हम पोखरा जाने से पहले नेपाल के लिए रवाना हुए, जहां मेरी मुलाकात सचिन से हुई।''

इसके बाद वह पाकिस्तान वापस चली गईं। फिर वहीं सचिन नेपाल से भारत लौट आए। पाकिस्तान पहुंचने पर अपने पति के साथ अनबन का दावा करने वाली सीमा ने 12 लाख पाकिस्तानी रुपये में एक प्लॉट बेचा और अपने चार बच्चों के लिए फ्लाइट टिकट एवं नेपाल वीजा की व्यवस्था की। मई में वह दुबई के रास्ते नेपाल पहुंची और पोखरा में कुछ समय बिताया। फिर उसने काठमांडू से दिल्ली के लिए बस ली और 13 मई को अपने बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा पहुंची, जहां सचिन ने उसकी पाकिस्तानी पहचान बताए बिना उसके लिए किराए के मकान में रहने की व्यवस्था की थी।

क्या पाकिस्तान की जासूस है सीमा?

कुछ लोग सीमा हैदर के कदम की दिल खोलकर सराहना कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग उनपर सवाल भी उठा रहे हैं और महिला पर पाकिस्तानी जाससू होने की आशंका भी जता रहे हैं। दरअसल, सीमा हैदर जिस तरीके से भारत आई, उसको लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच में सीमा हैदर के पास कई पासपोर्ट और मोबाइल फोन मिले हैं। ऐसे में उनको लेकर कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं। यही वजह है कि सीमा हैदर अभी भी जांच एजेंसियों की रडार पर हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि अगर उन्हें अपने प्यार के लिए भी भारत आना था तो गैर कानूनी तरीका क्यों अपनाया?

SeemaPak

सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि सीमा की कहानी में कई झोल है। हो सकता है कि पाकिस्‍तानी खुफिया एजेंस‍ी ISI ने उसे जासूस के तौर पर भारत भेजा हो। भारत में भी सुरक्षा एक्‍सपर्ट सीमा को भारत में पनाह देने पर और उसकी कहानी पर ऐसे ही भरोसा कर लेने के खिलाफ हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह इसे सुरक्षा में बड़ी चूक करार देते हुए कहा कि कि सीमा का नारको और लाइ डिटेक्‍टर टेस्‍ट होना चाहिए। फिलहाल, भारतीय जांच एजेंसियां क्या फैसला लेती हैं सभी को इसका इंतजार है।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी फैमिली के नाम अनोखा गिनीज रिकॉर्ड, एक ही दिन पैदा हुए हैं फैमिली के 9 सदस्य

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।