Credit Cards

Manu Bhaker: ओलिंपिक में ब्रॉन्ज जीतने पर राष्ट्रपति और पीएम मोदी समेत दिग्गजों ने मनु भाकर को दी बधाई

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलिंपिक्स 2024 में भारतीय शूटर मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। मनु भाकर ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलिंपिक में भारत के पदक का खाता खोला। इसके साथ ही वह ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं

अपडेटेड Jul 28, 2024 पर 5:21 PM
Story continues below Advertisement
Paris Olympics 2024: मनु भाकर भारतो को शूटिंग में मेडल दिलाने वाली पहली महिला बन गई हैं

Paris Olympics 2024 News Updates: पेरिस ओलिंपिक में भारत को पहला मेडल दिलाने वाली स्टार भारतीय निशानेबाज मनु भाकर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर बधाई दी है। भाकर ने रविवार (28 जुलाई) को 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। मनु भाकर ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलिंपिक में भारत के पदक का खाता खोला। इसके साथ ही वह शूटिंग में ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "एक ऐतिहासिक पदक। #ParisOlympics2024 में भारत के लिए पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई! कांस्य पदक के लिए बधाई। यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। एक अविश्वसनीय उपलब्धि।"


वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर लिखा, "पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाली मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह निशानेबाजी प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों, विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी..."

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतने पर निशानेबाज मनु भाकर को बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मनु भाकर की तारीफ करते हुए कहा, "आपकी उपलब्धि पर देश गर्व से भर गया है।"

ये भी पढ़ें- Paris Olympics 2024: भारत को पेरिस ओलिंपिक में मिला पहला मेडल, 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर ने जीता ब्रॉन्ज

अमित शाह ने एक एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "पेरिस ओलिंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतकर पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई। आपने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश में उत्साह की लहर फैला दी है। आपकी उपलब्धि पर देश गर्व से भर गया है।"

परिवार ने जताई खुशी

इसके अलावा ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर के ताऊ बलजीत सिंह ने कहा, "ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि पहली बार महिला शूटिंग में मेडल आया है। हमें आशा थी गोल्ड मेडल आएगा लेकिन ये भी एक अच्छी उपलब्धि है। ओलंपिक में तीसरे स्थान पर रहना बहुत बड़ी बात है। उसने बहुत कड़ी मेहनत की है।"

ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर की दादी ने कहा, "उसने बहुत अच्छा काम किया है। जब वो यहां आएंगी तो हम सब उसका स्वागत करेंगे..." मनु भाकर के पिता राम किशन भाकर ने कहा, "पूरा देश खुश है, उसके दो इवेंट बचे हैं और हमें उम्मीद है कि वो और अच्छा प्रदर्शन करेगी...मनु को सरकार और फेडरेशन से काफी सहयोग मिला...यह बहुत बड़ी उपलब्धि है..."

मनु ने 8 निशानेबाजों के फाइनल में 221.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय निशानेबाज जब बाहर हुईं तो दक्षिण कोरिया की येजी किम से सिर्फ 0.1 अंक पीछे थीं जिन्होंने अंतत: 241.3 अंक के साथ रजत पदक जीता।

किम की हमवतन ये जिन ओह ने 243.2 अंक के फाइनल के ओलिंपिक रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लंदन ओलिंपिक 2012 के बाद भारत का निशानेबाजी में यह पहला ओलंपिक पदक है। रियो ओलंपिक 2016 और टोक्यो ओलंपिक से भारतीय निशानेबाज खाली हाथ लौटे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।