Neeraj Chopra at Lausanne Diamond League: पेरिस ओलिंपिक में ऐतिहासिक रजत पदक जीतने के दो हफ्ते बाद स्टार भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने अब लुसाने डायमंड लीग 2024 में अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर कमाल कर दिया है। नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार (23 अगस्त) को सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ लुसाने डायमंड लीग 2024 में दूसरा स्थान हासिल किया। नीरज चोपड़ा अपना सीजन बेस्ट 89.49 मीटर भाला फेंककर दूसरा स्थान पर रहे। जबकि ओलिंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाले ग्रेनेडा के पीटर्स एंडरसन ने 90.61 मीटर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया है। पाकिस्तान के गोल्ड मेडलिस्ट अरशद नदीम ने इस कंपटीशन में भाग नहीं लिया था।
जर्मनी के जूलियस वेबर ने अपना सर्वश्रेष्ठ 87.08 मीटर प्रयास के साथ शीर्ष तीन में जगह बनाई। नीरज चोपड़ा ने 82.10 मीटर के प्रयास के साथ स्पर्धा की शुरुआत की। लेकिन पीटर्स ने अपने पहले थ्रो में 86.36 मीटर और वेबर ने पहले प्रयास में दिन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया। लंबे समय से ग्रोइन की चोट से जूझ रहे नीरज ने 8 अगस्त को पेरिस ओलिंपिक में 89.45 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता था। उन्होंने तीन साल पहले टोक्यो ओलिंपिक में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
लुसाने डायमंड लीग 2024 में चोपड़ा शुरुआत में ही शीर्ष तीन स्थानों से बाहर हो गए। चार प्रयासों के अंत तक वहीं रहे। हालांकि, पेरिस ओलिंपिक रजत पदक विजेता ने 85.58 मीटर के अपने पांचवें प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर वापसी की। अंतिम थ्रो ने रोमांच को और बढ़ा दिया क्योंकि पीटर्स ने दिन के अपने छठे प्रयास में 90 मीटर का आंकड़ा पार कर लिया। पीटर्स ने अपने लिए सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
नीरज चोपड़ा ने वेबर को पछाड़ते हुए सीजन का अपना सबसे लंबा थ्रो किया। चोपड़ा ने उस दिन छह वैध प्रयास किए। एक बार भी फाउल के लिए झंडी नहीं दिखाई गई। चोपड़ा अभी तक 90 मीटर के निशान को पार नहीं कर पाए हैं। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर है जो उन्होंने वर्ष 2022 में स्टॉकहोम डायमंड लीग के दौरान हासिल किया था।
नीरज 2022 में डाइमंड लीग चैंपियन थे। पिछले साल अमेरिका के यूजीन में 'विनर-टेक-ऑल' डाइमंड लीग फाइनल में चेक गणराज्य के याकूब वाडलेच के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे। मौजूदा सत्र का डाइमंड लीग फाइनल 14 सितंबर को ब्रुसेल्स में होगा। फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए उन्हें डाइमंड लीग मीटिंग सीरीज तालिका में शीर्ष छह में रहना होगा।
पांच सितंबर को ज्यूरिख में एक और डाइमंड लीग प्रतियोगिता होनी है जिसमें पुरुषों की भाला फेंक इवेंट भी शामिल है। 10 मई को दोहा डाइमंड लीग में वाडलेच के बाद दूसरे स्थान पर रहने से वह सात अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं।