Get App

'नीरज चोपड़ा चोटिल हो गए थे, आज पाकिस्तान का दिन था': पेरिस में सिल्वर जीतने पर 'गोल्डन ब्वॉय' के माता-पिता

Paris Olympics 2024: चोपड़ा ओलिंपिक में लगातार दो व्यक्तिगत मेडल जीतने वाले ट्रैक और फील्ड में पहले भारतीय हैं। नीरज पूर्व पहलवान सुशील कुमार (2008 और 2012) और शीर्ष शटलर पीवी सिंधु (2016 और 2021) के साथ लगातार ओलिंपिक खेलों में मेडल जीतने वाले भारतीयों के क्लब में शामिल हो गए हैं

अपडेटेड Aug 09, 2024 पर 12:06 PM
Story continues below Advertisement
Paris Olympics 2024: पाकिस्तान के नदीम ने नया ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए दूसरा थ्रो ही 92. 97 मीटर का लगाया

Paris Olympics 2024: नीरज चोपड़ा पेरिस ओलिंपिक की जेवलिन थ्रो इवेंट में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलिंपिक मेडल जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गए। लेकिन पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलिंपिक में नए रिकॉर्ड के साथ बाजी मार ली। 26 साल के नीरज का दूसरा थ्रो ही उनका एकमात्र वैध थ्रो रहा जिसमें उन्होंने 89.45 मीटर फेंका जो इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। इसके अलावा उनके पांचों प्रयास फाउल रहे। उन्होंने टोक्यो में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ पीला तमगा जीता था।

वहीं, पाकिस्तान के नदीम ने नया ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए दूसरा थ्रो ही 92. 97 मीटर का लगाया। उन्होंने छठा और आखिरी थ्रो 91.79 मीटर का लगाया। पाकिस्तान का 1992 बार्सीलोना ओलिंपिक के बाद यह पहला ओलिंपिक मेडल है। इससे पहले 10 मुकाबलों में नीरज ने हमेशा नदीम को हराया था।

नीरज के माता-पिता क्या बोले?


भारत के 'गोल्डन बॉय' द्वारा सबसे बड़े मंच पर इतिहास रचने के कुछ ही मिनटों बाद नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने खुलासा किया कि उनके बेटे ने पेरिस में पोडियम फिनिश हासिल करने के लिए चोट का सामना किया। पेरिस खेलों के फाइनल में नीरज के एकमात्र सफल थ्रो ने भारत को अपना चौथा पदक दिलाया। हालांकि नीरज ने अपने क्वालीफिकेशन थ्रो में शीर्ष स्थान हासिल किया, लेकिन फाइनल में गत चैंपियन को पाकिस्तान के अरशद नदीम ने हरा दिया।

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नीरज की मां ने कहा कि वह ओलिंपिक से भाला फेंक स्टार के आने के बाद नीरज का पसंदीदा खाना बनाएंगी। उन्होंने कहा, "हम बहुत खुश हैं। हमारे लिए सिल्वर ही गोल्ड मेडल के बराबर है। जिसने गोल्ड जीता, वह भी हमारे बेटे जैसा है। नीरज चोटिल हो गया था, इसलिए हम उसके प्रदर्शन से खुश हैं। मैं उसका पसंदीदा खाना बनाऊंगी।"

'नीरज ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया'

नीरज के दादा धर्म सिंह चोपड़ा ने कहा कि उनके पोते ने पेरिस खेलों में भारत के पदकों की संख्या बढ़ाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। पेरिस ओलिंपिक में नीरज के रजत पदक जीतने के बाद चोपड़ा परिवार ने मिठाई बांटी। नीरज के दादा ने कहा, "उसने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और रजत पदक जीतकर देश के लिए एक और पदक जोड़ दिया।"

नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर उनके पिता सतीश कुमार ने कहा, "सभी का अपना दिन होता है, आज अरशद का दिन था उन्होंने गोल्ड मेडल जीता। हम दूसरी बार ओलिंपिक में जैवलिन में मेडल जीते हैं, यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है..."

नीरज ने क्या कहा?

नीरज चोपड़ा ने कहा, "जब भी हम देश के लिए पदक जीतते हैं तो हम सभी खुश होते हैं। अब थ्रो में सुधार करने का समय है, हमें चोटों पर काम करना होगा। हम कमियों में सुधार करेंगे... हम बैठकर चर्चा करेंगे और प्रदर्शन में सुधार करेंगे।" उन्होंने कहा, "प्रतियोगिता शानदार थी। हर खिलाड़ी का अपना दिन होता है, आज अरशद का दिन था। टोक्यो, बुडापेस्ट, एशियाई खेलों का अपना दिन था... मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, लेकिन कुछ चीजें हैं जिन पर ध्यान देने और काम करने की जरूरत है...हमारा राष्ट्रगान आज भले ही नहीं बजाया गया हो, लेकिन भविष्य में कहीं और जरूर बजाया जाएगा।"

ये भी पढ़ें- Paris Olympics 2024: पाकिस्तान के अरशद नदीम ने छीना नीरज चोपड़ा का गोल्ड, भारत को मिला सिल्वर मेडल

पीवी सिंधु के साथ विशेष क्लब में शामिल हुए नीरज

पेरिस ओलिंपिक के फाइनल में नीरज का प्रदर्शन उनके प्रभावशाली करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। नीरज लगातार दो ओलिंपिक व्यक्तिगत इवेंट का मेडल जीतने वाले तीसरे और ट्रैक और फील्ड के पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले पहलवान सुशील कुमार (2008 और 2012) और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ( 2016 और 2021 ) यह कारनामा कर चुके हैं। नदीम को हांगझोउ एशियाई खेलों में नीरज से प्रतिस्पर्धा करनी थी लेकिन आखिरी मौके पर चोट के कारण उन्होंने नाम वापिस ले लिया। नीरज ने उन्हें 2018 एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में हराया था।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Aug 09, 2024 12:05 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।