"बधाई हो, आपने इतिहास रच दिया"; नीता अंबानी ने की ओलिंपिक में पहला मेडल दिलाने के लिए मनु भाकर की प्रशंसा
Paris Olympics 2024: ओलिंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक में दूसरे दिन भारत का खाता खोला और निशानेबाजी रेंज पर 12 साल बाद भारत को कांसा दिलाया। जबकि रमिता जिंदल और अर्जुन बबूता भी फाइनल में पहुंच गए
Paris Olympics 2024: ओलिंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल दिलाने वाली मनु पहली भारतीय महिला हैं
Paris Olympics 2024: इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) की सदस्य नीता अंबानी ने रविवार (28 जुलाई) को पेरिस ओलिंपिक में देश के लिए पहला मेडल जीतने पर भारतीय महिला निशानेबाज मनु भाकर को बधाई दी। स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने रविवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक के साथ निशानेबाजी में ओलिंपिक मेडल के भारत के 12 साल के इंतजार को खत्म किया। साथ ही पेरिस ओलिंपिक में भारत के मेडल का खाता खोला। इससे पहले, राज्यवर्धन सिंह राठौर (2004), अभिनव बिंद्रा (2008), गगन नारंग (2012) और विजय कुमार (2012) ने भारत के लिए निशानेबाजी में मेडल जीते थे।
नीता अंबानी ने इसे अविश्वसनीय पल करार करते हुए कहा, "हमारी सबसे कम उम्र की महिला निशानेबाज ने कांस्य पदक के साथ पेरिस 2024 ओलिंपिक में भारत का खाता खोला। बधाई हो, मनु भाकर। ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल जीतने वाली पहली भारतीय महिला और ऐसा करने वाली हमारी सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज बनकर आपने इतिहास रच दिया।"
इंटरनेशनल ओलिंपिक समिति की सदस्य अंबानी आगे कहा, "मुझे विश्वास है कि आज आपकी सफलता भारत भर के युवा खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करेगी। भारतीय तिरंगे को ऊंचा रखें। 'गो इंडिया गो' हम सभी को गौरवान्वित करें।"
'भारत दोहरे अंक में मेडल जीतने के लिए तैयार'
नीता अंबानी ने हाल ही में कहा था कि टोक्यो ओलिंपिक में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद देश पेरिस में दोहरे अंक में मेडल जीतने के लिए तैयार है। ला विलेट में 'इंडिया हाउस' के उद्घाटन के मौके पर पीटीआई से उन्होंने यह भी कहा कि वह दिन अब दूर नहीं है जब भारत ओलिंपिक की मेजबानी करेगा।
पिछले साल अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2036 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी की इच्छा की घोषणा की थी। भारत के एक अरब 40 करोड़ लोगों के सपने को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ने का संकल्प लिया था।
पेरिस ओलिंपिक के शानदार उद्घाटन समारोह के पूरी दुनिया का ध्यान खींचने के एक दिन बाद ओलिंपिक में पहले कंट्री हाउस 'इंडिया हाउस' का उद्घाटन हुआ जिसमें भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह और IOC के अधिकारी भी शामिल हुए।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति समेत दिग्गजों ने दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलिंपिक में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर को बधाई देते हुए कहा कि यह और भी खास है क्योंकि वह निशानेबाजी में मेडल जीतने वाली देश की पहली महिला है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, "पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में कांस्य पदक से भारत का पदक तालिका में खाता खोलने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई।"
उन्होंने कहा, "वह निशानेबाजी प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों और विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी। मैं कामना करती हूं कि वह भविष्य में उपलब्धियों की नई ऊंचाइयों को छूएं।"
PM मोदी ने X पर लिखा, "ऐतिहासिक पदक।" उन्होंने लिखा, "पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने के लिए मनु भाकर को बधाई। कांस्य (पदक) के लिए बधाई।" उन्होंने कहा, "यह सफलता इसलिए और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। कमाल की उपलब्धि।"
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, "गर्व का पल,मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतकर पेरिस ओलिंपिक में भारत का पहला पदक जीता।" भारत के एकमात्र निशानेबाजी गोल्ड मेडल विजेता अभिनव बिंद्रा ने कहा कि इस 22 साल की निशानेबाज के अथक समर्पण, कड़ी मेहनत और जुनून ने सचमुच रंग दिखाया।
Indian shooter Manu Bhaker secures the third spot in the women's 10m air pistol event at the Paris Olympics 2024. On this occasion, IOC Member Nita Ambani says, "As the first Indian woman to win in the 10 m air pistol at the Olympics and our youngest Indian shooter to do so,… pic.twitter.com/OeJHGq3iKd
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा, "पदक तालिका में बेहतरीन और निशानेबाजी में बेहतरीन। पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई।" मनु के पिता रामकिशन ने कहा कि उनकी बेटी की कड़ी मेहनत रंग लाई।