Paris Olympics 2024: भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने क्वार्टर फाइनल में मारी एंट्री, अंकिता भकत ने दीपिका को छोड़ा पीछे

Paris Olympics 2024 Archery: पहली बार ओलंपिक में भाग लेने वाली तीरंदाज अंकिता भकत ने अनुभवी दीपिका कुमारी को पीछे छोड़ते हुए पेरिस ओलंपिक महिला व्यक्तिगत रिकर्व क्वालीफिकेशन में भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ 11वां स्थान हासिल किया। इसके साथ ही भारत ने चौथे स्थान पर रहकर टीम स्पर्धा में क्वार्टरफाइनल स्थान हासिल किया

अपडेटेड Jul 25, 2024 पर 7:27 PM
Story continues below Advertisement
Paris Olympics 2024 Archery: पहली बार ओलंपिक में भाग लेने वाली अंकिता भक्त ने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा है

Paris Olympics 2024 Archery: भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने पेरिस ओलिंपिक 2024 में शानदार शुरुआत करते हुए पहली खुशखबरी दिलाई है। पेरिस ओलिंपिक में गुरुवार (25 जुलाई) को तीरंदाजी टीम के रैंकिंग राउंड की शुरुआत हुई। भारतीय महिला टीम इस राउंड में चौथे नंबर पर रही और सीधे क्वार्टर फाइनल में एंट्री मार ली। तीरंदाजों ने रिकर्व के क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

पहली बार ओलंपिक में भाग लेने वाली तीरंदाज अंकिता भकत ने अनुभवी दीपिका कुमारी को पीछे छोड़ते हुए पेरिस ओलंपिक महिला व्यक्तिगत रिकर्व क्वालीफिकेशन में भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ 11वां स्थान हासिल किया। इसके साथ ही भारत ने चौथे स्थान पर रहकर टीम स्पर्धा में क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।

26 साल की अंकिता 666 अंक से भारतीय महिला तीरंदाजों में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर रहीं। उनके बाद भजन कौर 559 अंक से 22वें और दीपिका कुमारी 658 अंक से 23वें स्थान पर रहीं। टीम स्पर्धा में भारत ने 1983 अंक से चौथा स्थान हासिल किया जिसमें दक्षिण कोरिया 2046 अंक से शीर्ष पर रहा। चीन उप विजेता जबकि मेक्सिको तीसरे स्थान पर रहा।


फ्रांस और नीदरलैंड होगा मुकाबला

टीम तालिका में शीर्ष चार टीमें सीधे क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालीफाई करती हैं। जबकि पांचवें से 12वें स्थान पर रहने वाली टीम राउंड 16 मुकाबले खेलेंगी। अब भारत का सामना क्वार्टरफाइनल में फ्रांस और नीदरलैंड के बीच मुकाबले के विजेता से होगा।

अगर भारतीय महिला टीम क्वार्टरफाइनल की बाधा पार कर लेती है तो उसे सेमीफाइनल में मजबूत कोरियाई टीम से भिड़ना पड़ सकता है। कोरियाई टीम ओलंपिक में अभी तक अपराजेय रही है। उसने तीन साल पहले टोक्यो में लगातार नौवां पदक जीता था।

तीसरे नंबर रहा चीन

व्यक्तिगत वर्ग में कोरिया की लिम सिहयिओन ने 694 के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर से तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। जबकि उनकी हमवतन सुहियोन नाम 688 अंक से दूसरे स्थन पर रहीं। चीन की यांग जियाओलेई 673 अंक से तीसरे स्थान पर रहीं।

ये भी पढ़ें- Olympic Opening Ceremony: पेरिस ओलंपिक उद्घाटन समारोह में होगा रंगारंग कार्यक्रम, लेडी गागा बांधेंगी समां

दीपिका पहली बार मिक्स्ड टीम स्पर्धा में नहीं खेलेंगी, क्योंकि अंकिता भारतीयों में शीर्ष पर रहीं। अंकिता पुरुष क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रहने वाले तीरंदाज के साथ मिक्स्ड टीम फाइनल्स में जोड़ी बनाएंगी। मेंस कैटेगरी का क्वालिफिकेशन राउंड भी शुरू हो चुका है। इसके अंकों के आधार पर मेंस और मिक्स्ड टीम का ड्रॉ तैयार होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।