Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना बनीं ICC महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर, 2024 में बनाए 747 रन

Smriti Mandhana News: स्मृति मंधाना ने इस दौड़ में दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलवार्ट (697 रन), इंग्लैंड की टैमी ब्युमोंट (554 रन) और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज (469 रन) को पीछे छोड़ा। उन्होंने इस दौरान वनडे में चार शतक जड़कर महिला क्रिकेट का नया रिकॉर्ड कायम किया

अपडेटेड Jan 27, 2025 पर 4:02 PM
Smriti Mandhana News: भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 2024 में 13 पारियों में 747 रन बनाए

Smriti Mandhana News: भारत की करिश्माई सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को सोमवार (27 जनवरी) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की 2024 की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया। भारत की उपकप्तान मंधाना ने 2024 में 13 पारियों में 747 रन बनाए जो किसी कैलेंडर वर्ष में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। बाएं हाथ की यह बल्लेबाज 2024 में सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं।

वहीं, भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी का 2024 का साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर चुना गया है। ICC ने कहा कि बुमराह 2024 में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं, उन्होंने घरेलू और विदेशी दोनों परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

स्मृति मंधाना ने इस दौड़ में दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलवार्ट (697 रन), इंग्लैंड की टैमी ब्युमोंट (554 रन) और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज (469 रन) को पीछे छोड़ा। उन्होंने इस दौरान वनडे में चार शतक जड़कर महिला क्रिकेट का नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने इसके साथ सौ से अधिक बार गेंद को बाउंड्री पार पहुंचाया। मंधाना ने 2024 में 95 चौके और छह छक्के जड़ें।


इस 28 साल की बल्लेबाज ने 57.86 की शानदार औसत के अलावा 95.15 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने बेहतर गेंदबाजी इकाई वाली टीमों के खिलाफ भी कई बड़ी पारियां खेली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जून 2024 में उन्होंने लगातार दो शतक लगाये। भारत ने इस सीरीज को 3-0 से जीता था।

उन्होंने अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी सीरीज के निर्णायक मैच में शतक लगाया था। मंधाना ने दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में भी शतक जड़ा था। लेकिन उनकी शानदार पारी के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में एक छोर से विकेटों के पतन के बीच मंधाना ने 14 चौके और एक छक्के की मदद से 105 रन बनाए थे।

ये भी पढ़ें- Maha Kumbh 2025: प्रयागराज पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, त्रिवेणी संगम में लगाई पवित्र डुबकी, ICC प्रमुख जय शाह भी रहे मौजूद

अफगानिस्तान का खिलाड़ी बना वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर

इस बीच, अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर अज़मतुल्लाह उमरज़ई ने 2024 के लिए पुरुष वनडे क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर का पुरस्कार जीता है। उन्होंने पिछले साल 14 वनडे मैचों में 417 रन बनाए और 17 विकेट लिए। वह अपनी टीम के शीर्ष खिलाड़ी बनकर उभरे है। उन्होंने 52.12 की शानदार औसत से रन बनाए और 20.47 की औसत से 17 विकेट लिए। उमरज़ई पिछले हफ्ते घोषित ICC पुरुष वनडे टीम ऑफ द ईयर का भी हिस्सा हैं, जिसमें उनके साथी रहमानुल्लाह गुरबाज़ और अल्लाह ग़ज़नफ़र भी उनकी सहायता कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।