T20 World Cup 2024: केएल राहुल और रिंकू सिंह का क्यों नहीं हुआ टीम में सेलेक्शन? रोहित शर्मा-अजीत अगरकर ने दिया जवाब

T20 World Cup Team India Squad: टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। हरफनमौला हार्दिक पंड्या को IPL में मुंबई इंडियंस की कप्तानी लेने के बाद से खराब फॉर्म के बावजूद उपकप्तान बनाया गया है। उन्होंने चयन की दौड़ में केएल राहुल और ईशान किशन को पछाड़ा

अपडेटेड May 02, 2024 पर 7:31 PM
T20 World Cup Team India Squad: रोहित शर्मा ने कहा कि मैं चौथे तेज गेंदबाज के रूप में हार्दिक को चाहता था

T20 World Cup Team India Squad: भारतीय टी20 वर्ल्ड कप टीम के चयन को लेकर कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने गुरुवार (2 मई 2024) को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान दोनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में केएल राहुल और रिंकू सिंह को टीम में नहीं चुने जाने का कारण बताया। केएल राहुल को बाहर रखने के बारे में अगरकर ने कहा कि उन्हें मध्यक्रम के बल्लेबाज की जरूरत थी और यही वजह है कि संजू सैमसन को चुना गया।

अजीत अगरकर ने कहा कि हम चहल-कुलदीप को लेकर जाना चाहते थे। अक्षर ऑलराउंड विकल्प देते हैं। उनकी कोई गलती नहीं है। रिंकू सिंह एक जबरदस्त हिटर हैं, लेकिन कॉम्बिनेशन के चलते उनकी भी जगह नहीं मिली। उन्होंने कहा कि हम ज्यादा स्पिनर्स के साथ रोहित को और विकल्प देना चाहते हैं।

पंत-सैसमन को राहुल से बताया बेहतर


अजीत अगरकर ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि केएल राहुल एक शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन मुझे लगता है कि ऋषभ पंत और संजू सैसमन ने काफी अच्छा किया है। उन्होंने कहा कि दोनों हमारे लिए पूरी तरह से परफेक्ट थे और इसकी वजह से ही उन्हें टीम से बाहर रखा गया।

उन्होंने कहा कि केएल शानदार खिलाड़ी है और हम सभी जानते हैं। हमें मध्यक्रम के बल्लेबाज की जरूरत थी और वह शीर्षक्रम का बल्लेबाज है। संजू में यह क्षमता है। ऋषभ भी पांचवें नंबर पर उतरता है तो यही हमारी सोच थी।

रोहित शर्मा ने कहा कि आईपीएल में और उससे पहले कुछ मैचों में शिवम दुबे के प्रदर्शन को देखकर उनका चयन हुआ। टीम इंडिया के कप्तान ने कहा कि आईपीएल से पहले ही 15 खिलाड़ियों के बारे में चर्चा शुरू कर दी थी। IPL से योजना में बदलाव नहीं कर सकते।

हार्दिक पांड्या का किया बचाव

अजित अगरकर ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप टीम में हार्दिक पंड्या के चयन का बचाव करते हुए कहा कि टीम को संतुलन देने के अलावा फिट रहने पर वह जो कर सकता है, उसका कोई विकल्प नहीं है। मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर आईपीएल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक को टी20 विश्व कप टीम का उपकप्तान बनाए जाने से क्रिकेट जगत को हैरानी हुई है। उन्होंने वनडे विश्व कप में भारत के लिये एकमात्र मैच अक्टूबर 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था।

अगरकर ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, "उपकप्तानी को लेकर कोई बात नहीं हुई। उसने अभी तक मुंबई इंडियंस के लिये सारे मैच खेले हैं। हमें एक महीने और कुछ दिन बाद ही पहला मैच खेलना है। वह फिट है तो वह जो कर सकता है, उसका कोई विकल्प नहीं है।"

उन्होंने कहा कि वह चोट के बाद लंबे समय में वापसी कर रहा है। हमें उम्मीद है कि वह इस पर काम कर रहा है। गेंदबाजी करने पर वह रोहित को काफी विकल्प और संतुलन दे सकता है। हार्दिक आईपीएल से पहले टखने की चोट से उबरे हैं और रोहित की जगह उन्हें मुंबई का कप्तान बनाने से प्रशंसकों में काफी रोष है।

IPL के हिसाब से टीम नहीं चुन सकते

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि टीम मैनेजमेंट टी20 वर्ल्ड कप में चार स्पिनरों के चयन को लेकर स्पष्ट था। अंतिम 15 खिलाड़ी चुनने में आईपीएल की बहुत भूमिका नहीं थी। रोहित ने कहा, "मैं इस बारे में तफ्सील से बात नहीं करूंगा लेकिन मैं चार स्पिनर चाहता था । हमने वहां काफी क्रिकेट खेली है । मैच सुबह दस बजे से शुरू होते हैं और इसमें काफी तकनीकी पहलू है।"

उन्होंने कहा, "चार स्पिनरों को चुनने का कारण मैं अभी नहीं बताऊंगा। मैं चार स्पिनर चाहता था जिनमें से दो हरफनमौला है और इससे टीम को संतुलन मिलता है। विरोधी टीम को देखकर हम टीम संयोजन चुनेंगे।"

रोहित ने कहा, "हमें यह समझना होगा कि पिचें और विरोधी टीम संयोजन कैसा होगा। हमें बीच के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाज की जरूरत है। शीर्षक्रम ठीक खेल रहा है। दूसरे विकल्प भी हैं। हमने उसे ( दुबे को) आईपीएल और उससे पहले कुछ मैचों में उसके प्रदर्शन के आधार पर चुना। इसकी कोई गारंटी नहीं है कि अंतिम एकादश कैसी होगी।" उन्होंने कहा कि 70 से 80 प्रतिशत टीम आईपीएल से पहले ही सोच ली थी।

टीम इंडिया का हुआ ऐलान

टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम का ऐलान 30 अप्रैल को किया गया था। संजू सैमसन और युजवेंद्र चहल को IPL में उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर टी20 वर्ल्ड के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। लेकिन शुभमन गिल और रिंकू सिंह को रिजर्व में रखा गया है।

हरफनमौला हार्दिक पंड्या को IPL में मुंबई इंडियंस की कप्तानी लेने के बाद से खराब फॉर्म के बावजूद उपकप्तान बनाया गया है। वहीं, आक्रामक बल्लेबाज शिवम दुबे को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन का ईनाम टीम में चयन के रूप में मिला है।

सैमसन ने IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिये बतौर बल्लेबाज और कप्तान अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें ऋषभ पंत के बाद दूसरे विकेटकीपर के रूप में चुना गया। उन्होंने चयन की दौड़ में केएल राहुल और ईशान किशन को पछाड़ा।

ये भी पढ़ें- T-20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान! रोहित कप्तान, हार्दिक होंगे उपकप्तान, पंत-सैमसन को मिली जगह, केएल राहुल की छुट्टी

आखिरी बार अगस्त 2023 में भारत के लिए खेलने वाले युजवेंद्र चहल को कुलदीप यादव के साथ दूसरे कलाई के स्पिनर के रूप में रखा गया है। गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल और कोलकाता नाइट राइडर्स के आक्रामक बल्लेबाज रिंकू को रिजर्व में रखा गया है।

चयनकर्ताओं ने यशस्वी जायसवाल पर भरोसा जताया है जिन्होंने धीमी शुरूआत के बाद आईपीएल में फॉर्म हासिल कर लिया है। IPL में शानदार प्रदर्शन करने वाले विराट कोहली शीर्षक्रम को मजबूती दे रहे हैं। वर्ल्ड कप अमेरिका और वेस्टइंडीज में 2 जून से शुरू होगा। भारत को 5 जून को न्यूयॉर्क में आयरलैंड से पहला मैच खेलना है।

T-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:- रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

रिजर्व खिलाड़ी:- शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद और आवेश खान।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।