भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के लिए एक बार फिर खुशखबरी सामने आई है। महिला इंडियन प्रीमियर लीग (Women's Indian Premier League- WIPL) की पांच टीमों से बीसीसीआई को अरबों रुपये मिले हैं। BCCI ने बुधवार को सभी पांच टीमों को बेच दिया है, जिससे बोर्ड को 4669.99 करोड़ रुपये मिले हैं। यह जानकारी खुद बीसीसीआई सचिव जय शाह (BCCI Secretary Jay Shah) ने ट्विटर के जरिए दी है। उन्होंने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में बताया है कि महिला आईपीएल का आधिकारिक नाम अब महिला प्रीमियर लीग (Women's Premier League- WPL) कर दिया गया है।
जय शाह ने बताया कि BCCI को महिला प्रीमियर लीग (WPL) की पांच टीमों के लिए ऑन बोर्ड फ्रेंचाइजी मिल गई हैं। उन्होंने महिला प्रीमियर लीग की पांच टीमों की बिक्री से बीसीसीआई को 4669.99 करोड़ रुपये मिले हैं। WPL टीमों के अधिकार प्राप्त करने के लिए कम से कम 17 संस्थाओं ने बोली लगाई थी। बोलियां 25 जनवरी को जमा की गई थीं।
महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन में उतरने वाली पांच टीमें मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, लखनऊ और दिल्ली रहेंगी। इन पांचों टीमों की नीलामी हो चुकी है। इसमें सबसे ज्यादा बोली अहमदाबाद टीम के लिए लगी है, जो अडानी ग्रुप ने लगाई है। इसके बाद दूसरे नंबर पर मुंबई टीम को इंडियाविन स्पोर्ट्स ने खरीदा है, जो रिलायंस ग्रुप की कंपनी है।
अडानी ग्रुप ने लगाई सबसे अधिक बोली
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी ग्रुप ने महिला प्रीमियर लीग की अहमदाबाद टीम (10 साल के लिए) को खरीदने के लिए सबसे अधिक 1,289 करोड़ रुपए की बोली लगाई। इसके बाद अरबपति मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने 912.99 करोड़ रुपये, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 901 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स ने 810 करोड़ और कैप्रि (Capri) ने लखनऊ के लिए 757 करोड़ रुपए की बोली लगाई।
जय शाह ने बताया नई क्रांति की शुरुआत
जय शाह ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में लिखा, ‘क्रिकेट के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि WPL के उद्घाटन सीजन के लिए लगी टीमों की बोली ने 2008 में पुरुष IPL के उद्घाटन सीजन के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं! विजेताओं को बधाई। हमने कुल बोली में 4669.99 करोड़ रुपए हासिल किए। यह महिला क्रिकेट में एक क्रांति की शुरुआत का प्रतीक है।’
एक अन्य ट्वीट में शाह ने लिखा, ‘यह न केवल हमारी महिला क्रिकेटर्स बल्कि पूरी खेल बिरादरी के लिए एक परिवर्तनकारी यात्रा का मार्ग प्रशस्त करता है। WPL महिला क्रिकेट में आवश्यक सुधार लाएगी और एक सर्वव्यापी पारिस्थितिकी तंत्र सुनिश्चित करेगा जो हर हितधारक को लाभान्वित करे। बीसीसीआई ने इस लीग का नाम महिला प्रीमियर लीग रखा है। सफर की शुरुआत हो चुकी है…।’