ICC World Cup 2023 Tickets: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस साल के अंत में होने वाले वनडे विश्व कप 2023 के लिए टिकटों की बुकिंग की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह घोषणा क्रिकेट संस्था द्वारा विश्व कप के लिए अपडेट शेड्यूल जारी करने के तुरंत बाद की गई है। विश्व कप के लिए ऑनलाइन टिकटों की बिक्री 25 अगस्त से शुरू हो जाएगी। क्रिकेट विश्व कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से हो रहा है। जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले के अलावा कुल 9 मैचों के पहले से तय शेड्यूल में बदलाव किया गया है।
ICC की तरफ से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, विश्व कप मैच के मुकाबलों के लिए टिकट 25 अगस्त से ऑनलाइन मिलेंगे। जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मैच के टिकट 15 सितंबर से फैंस ICC की आधिकारिक वेबसाइट https://www.cricketworldcup.com/register के जरिए ऑनलाइन खरीद पाएंगे। इस टूर्नामेंट के मुकाबले 5 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच भारत के 10 अलग-अलग क्रिकेट मैदानों पर खेले जाएंगे।
सभी गैर-भारतीय मैचों के टिकट 25 अगस्त से बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे, जबकि भारत के अभ्यास मैचों के टिकट 30 अगस्त से उपलब्ध होंगे। अहमदाबाद में बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले के टिकटों की बिक्री 3 सितंबर को होगी। जबकि वनडे विश्व कप सेमीफाइनल और फाइनल के टिकट 15 सितंबर से उपलब्ध होंगे। क्रिकेट फैंस आईसीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन टिकट खरीद सकते हैं।
चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप का बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब शुरुआती कार्यक्रम से एक दिन पहले 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। ICC ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए टूर्नामेंट के 9 मैच का कार्यक्रम बदलने की घोषणा की। लेटेस्ट अपडेट के बाद पाकिस्तान और इंग्लैंड के तीन-तीन मैच का कार्यक्रम बदला (तारीख या समय) गया है। भारत के दो मुकाबलों की तारीख बदली गई है। नीदरलैंड के खिलाफ 11 नवंबर को होने वाले भारत के अंतिम लीग मैच का भी कार्यक्रम बदला गया है और अब यह बेंगलुरू में 12 नवंबर को खेला जाएगा।
दरअसल, सुरक्षा एजेसियों ने 15 अक्टूबर को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने में असमर्थता जताई है, क्योंकि यह नवरात्रि का पहला दिन होगा। नतीजतन अफगानिस्तान के खिलाफ नई दिल्ली में 14 अक्टूबर को होने वाला इंग्लैंड का मैच अब 24 घंटे बाद 15 अक्टूबर को खेला जाएगा। भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले पाकिस्तान को पर्याप्त समय देने के लिए श्रीलंका के खिलाफ हैदराबाद में 11 अक्टूबर को होने वाला उसका मैच अब 10 अक्टूबर को खेला जाएगा।
इसी दिन इंग्लैंड को धर्मशाला में बांग्लादेश के खिलाफ दिन-रात्रि मैच खेलना था, लेकिन अब यह मैच सुबह साढ़े 10 बजे से खेला जाएगा। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच मैच अब 12 नवंबर की जगह 11 नवंबर को खेला जाएगा। बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई में 14 अक्टूबर को दिन में होने वाला न्यूजीलैंड का मैच अब 13 अक्टूबर को खेला जाएगा और यह दिन-रात्रि मुकाबला होगा। जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम अब लखनऊ में एक दिन पहले 12 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी।