World Pickleball League: वर्ल्ड पिकलबॉल लीग में नए टीम ओनर के तौर पर शामिल होने वाला नया नाम फिल्ममेकर एटली का है। उन्होंने अपनी पत्नी प्रिया एटली के साथ बेंगलुरु जवान्स नामक बेंगलुरु फ्रैंचाइजी खरीदी है। एटली ने एक बयान में कहा, "बेंगलुरु के साथ हमारा गहरा आध्यात्मिक रिश्ता है, एक ऐसा शहर जहां हमें अनगिनत फैन्स और दोस्तों के प्यार और सपोर्ट ने गर्मजोशी से गले लगाया है। शहर का यूनीक चार्म और हमारे जीवन में बढ़ता महत्व एक स्थायी छाप छोड़ता है।"
बेंगलुरु जवान्स टीम में भारतीय पिकलबॉल सनसनी वृषाली ठाकरे शामिल हैं, जिन्हें उनकी शानदार खेल शैली के लिए हैमर ठाकरे के नाम से जाना जाता है। उनके साथ जैक फोस्टर, कैटरीना स्टीवर्ट, ट्रांग ह्यून मैकक्लेन, मार्सेलो जार्डिम, एलेजांद्रा बोबरिया, फेलिक्स ग्रुनर्ट, मौरो गार्सिया बेंगलुरु जवान्स का हिस्सा होंगे।
वर्ल्ड पिकलबॉल लीग की शुरुआत 24 जनवरी से होगी। पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी गौरव नाटेकर और आरती पोनप्पा नाटेकर द्वारा को-फाउंडेड इस लीग में भारत और दुनिया भर के 48 खिलाड़ी 6 फ्रेंचाइजीस के लिए खेलेंगे। इससे पहले नवंबर 2024 में फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने वर्ल्ड पिकलबॉल लीग में टीम मुंबई के मालिकाना हक की घोषणा की थी। इसके अलावा चेन्नई फ्रेंचाइजी को एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु ने खरीदा है।
सिनेमा की तरह खेल में भी भावनाएं जगाने, बदलाव लाने की ताकत
एटली ने बयान में आगे कहा, "मनोरंजन हमेशा से हमारा जुनून रहा है, और हमें ऐसी कहानियां बताने का सौभाग्य मिला है जो लोगों से गहरे स्तर पर जुड़ती हैं। सिनेमा की तरह खेल में भी भावनाएं जगाने, समुदाय बनाने और बदलाव को प्रेरित करने की ताकत होती है। वर्ल्ड पिकलबॉल लीग हमारे लिए दोनों दुनिया का सही मिश्रण है- हाई एनर्जी वाले स्पोर्ट और जीवंत मनोरंजन का एक शानदार मिश्रण। यह लीग भारत में खेलों के अनुभव को फिर से परिभाषित कर रही है, और हम एक अनूठा प्लेटफॉर्म बनाने की इसकी यात्रा का हिस्सा बनकर रोमांचित हैं।"
भारत में करीब 400 या 500 प्रोफेशनल पिकलबॉलखिलाड़ी
भारत में 1,00,000 से ज्यादा रिक्रिएशनल पिकलबॉल खिलाड़ी हैं और वर्तमान में करीब 400 या 500 प्रोफेशनल खिलाड़ी हैं। पिछले साल भारत में पिकलबॉल खिलाड़ियों की संख्या में लगभग 159 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। पिछले तीन वर्षों में इसके एक्टिव खिलाड़ियों में 275 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है और अनुमान है कि 2028 तक एक्टिव खिलाड़ियों की संख्या 10 लाख से अधिक हो जाएगी।