Khel Ratna Award: खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड विजेताओं को कितना पैसा मिलता है? जानें सभी डिटेल्स

Khel Ratna Award 2024 Winners: पेरिस ओलिंपिक में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली युवा निशानेबाज मनु भाकर और सबसे युवा वर्ल्ड शतरंज चैंपियन डी गुकेश सहित चार खिलाडियों को देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार 'खेल रत्न' से सम्मानित किया जाएगा। खेल मंत्रालय ने 2 जनवरी 2025 को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 की घोषणा की

अपडेटेड Jan 02, 2025 पर 9:44 PM
Khel Ratna Award Winners: ओलिंपिक मेडल विजेता मनु भाकर और शतरंज वर्ल्ड चैम्पियन डी गुकेश समेत चार खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार मिलेगा

National Sports Awards 2024 Winners List: ओलिंपिक में डबल मेडल जीतने वालीं युवा शूटर मनु भाकर, शतरंज वर्ल्ड चैम्पियन डी. गुकेश, पुरूष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को इस साल देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। 22 साल की मनु एक ही ओलिंपिक में दो मेडल जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी बनीं। उन्होंने अगस्त में पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम इंवेंट में कांस्य पदक जीता था। पेरिस ओलंपिक में ही हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरे ओलिंपिक में मेडल जीता। विजेताओं को 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में एक विशेष कार्यक्रम में पुरस्कार प्रदान करेंगी।

18 साल के गुकेश सबसे युवा वर्ल्ड चैम्पियन बने जो पिछले साल चेस ओलंपियाड में भारतीय टीम के ऐतिहासिक गोल्ड मे़डल में भी सूत्रधार रहे थे। सिंगापुर में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में गुकेश ने चीन के डिंग लिरेन को हराकर खिताब जीता था, जो कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। पैरा हाई जंपर प्रवीण ने पेरिस पैरालिंपिक में टी64 वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था। यह उन खिलाड़ियों की कैटेगरी है जिनका घुटने से नीचे एक या दोनों पैर नहीं होता है। वे दौड़ने के लिए आर्टिफिशियल पैर पर निर्भर होते हैं। खेल मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विजेताओं को 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति भवन में एक विशेष कार्यक्रम में पुरस्कार दिए जाएंगे।

अर्जुन पुरस्कार विजेताओं की लिस्ट


इस साल अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों में पेरिस ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान अमन सहरावत, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह, पुरूष हॉकी खिलाड़ी जरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, संजय और अभिषेक शामिल हैं। अर्जुन पुरस्कार पाने वालों की लिस्ट में फर्राटा धाविका ज्योति याराजी, भालाफेंक खिलाड़ी अन्नु रानी, महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, विश्व चैम्पियन मुक्केबाज नीतू गंघास और स्वीटी, तैराक साजन प्रकाश, ओलंपियाड शतरंज स्वर्ण पदक विजेता वंतिका अग्रवाल और स्कवाश खिलाड़ी अभय सिंह भी शामिल हैं।

पैरा खिलाड़ियों में पेरिस पैरालम्पिक गोल्ड मेडल विजेता धरमबीर (क्लब थ्रो), नवदीप सिंह (भालाफेंक) और नितेश कुमार (पैरा बैडमिंटन) शामिल हैं। पैरालम्पिक कांस्य पदक विजेता पैरा तीरंदाज राकेश कुमार, पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और रूबिना फ्रांसिस को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुसाले की कोच दीपाली देशपांडे का नाम शामिल है।

द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) कैटेगरी में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व मैनेजर अर्मांडो कोलासो और बैडमिंटन कोच एस मुरलीधरन शामिल है। लाइफटाइम अर्जुन पुरस्कार पाने वालों में भारत के पहले पैरालम्पिक गोल्ड मेडल विजेता मुरलीकांत पेटकर शामिल हैं।

विजेताओं को कितना पैसा मिलता है?

खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले को एक मेडल, प्रशस्ति पत्र (प्रमाण पत्र) और 25 लाख रूपये नकद मिलते हैं। 2020 में यह पुरस्कार राशि 7.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख कर दी गई थी। जबकि अर्जुन पुरस्कार में 15 लाख रूपये कैश, अर्जुन की मूर्ति और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। इस पुरस्कार राशि को 2020 में 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख कर दिया गया था। इसके अलावा ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं को 10 लाख रुपये मिलते हैं। 2020 में 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख किया गया था।

ये भी पढ़ें- बिहार में फिर से यू-टर्न की सियासत! लालू यादव के ऑफर पर सीएम नीतीश कुमार का आया बड़ा बयान

द्रोणाचार्य पुरस्कार कोचों की कड़ी मेहनत और योगदान को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है। इस पुरस्कार को दो कैटेगरी में बांटा गया है। नियमित कैटेगरी में पुरस्कार विजेताओं को 10 लाख रुपये मिलते हैं। जबकि आजीवन कैटेगरी में पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख रुपये मिलते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।