Wrestlers vs Wrestling Federation of India LIVE Updates: देश के शीर्ष पहलवानों ने गुरूवार को अपना विरोध तेज करने की बात करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया है, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि अगर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) को तुरंत प्रभाव से भंग नहीं किया गया तो वे WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कई FIR दर्ज कराएंगे। इस बीच, WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) आज दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश के गोंडा में मीडिया को संबोधित करेंगे। वह गुरुवार देर रात दिल्ली से सड़क मार्ग से अपने नवाबगंज स्थित अपने आवास पर पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि WFI की बैठक 22 जनवरी को अयोध्या में होने की उम्मीद है। उनके इस्तीफे पर फैसला बैठक के बाद लिया जाएगा।
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने खुद ट्वीट कर बताया कि वह आज दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद के नवाबगंज स्थित कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र में प्रेस वार्ता करेंगे। सूत्रों की मानें तो प्रदर्शनकारी पहलवानों की आज एक बार फिर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बातचीत होगी। माना जा रहा है कि अब भी ऐसे कई मुद्दे हैं, जिनका मुलाकात में हल नहीं निकल पाया है।
देश के शीर्ष पहलवानों का जंतर मंतर पर शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन धरना-प्रदर्शन जारी है। इस दौरान उनके साथ और भी पहलवान शामिल हुए जिन्होंने इसे भारतीय कुश्ती को नया जीवन देने की लड़ाई करार दिया। ये WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं जिन पर यौन उत्पीड़न और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।
पहलवानों द्वारा रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) को तुरंत प्रभाव से भंग किए जाने की मांग के बीच खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) गुरुवार देर रात तक गतिरोध समाप्त करने का प्रयास करते रहे। ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक, विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट समेत कई भारतीय पहलवान WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पिछले तीन दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं।
पहलवानों ने देर रात खेल मंत्री से की मुलाकात
गुरुवार रात विनेश, बजरंग, साक्षी, अंशु मलिक, रवि दहिया, सरिता मोर समेत प्रदर्शनकारी पहलवानों ने ठाकुर से उनके आवास पर मुलाकात की और त्वरित कार्रवाई की मांग की। दोनों पक्षों के बीच बैठक देर रात तक जारी रही, जिसमें दोनों पक्ष अब तक कोई ठोस समाधान निकालने में विफल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सरकार चाहती है कि पहलवान अपना विरोध खत्म करें लेकिन खिलाड़ी इस बात पर अड़े हैं कि पहले WFI को भंग किया जाए।
पहलवानों के एक करीबी सूत्र ने पीटीआई से कहा कि सरकार अन्य मुद्दों को बाद में सुलझा सकती है..लेकिन उसे पहले WFI को भंग करना चाहिए। तीन बार राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता और बीजेपी नेता बबीता फोगाट गुरुवार को सरकार की ‘संदेशवाहक’ बनी और धरने पर बैठे पहलवानों को उनकी मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया जो भारतीय कुश्ती महासंघ को भंग करने की मांग कर रहे हैं।
पहलवानों की टीम को फिर सरकार से बैठक के लिए बुलाया गया जिसमें तीन बार की राष्ट्रमंडल चैम्पियन विनेश फोगाट और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया तथा साक्षी मलिक और उनके पति सत्यव्रत कांदियान शामिल थे। इन सभी ने अपने मुद्दों पर खेल सचिव सुजाता चतुर्वेदी, भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान और संयुक्त सचिव ( खेल) कुणाल से भी चर्चा की।
एक घंटे तक चली बैठक में पहलवानों से विरोध प्रदर्शन खत्म करने को कहा गया और आश्वासन दिया गया कि उनकी शिकायतों का हल निकाला जाएगा। मंत्रालय, हालांकि, बृज भूषण को इस्तीफा देने के लिए मजबूर नहीं कर सकता जब तक कि उसे लिखित जवाब नहीं मिलता क्योंकि सरकार ने खुद WFI से स्पष्टीकरण मांगा है।