पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का कहना है कि सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) में 1 पर्सेंट बायोफ्यूल मिलाने से भारत में 5 लाख किसानों को फायदा होगा। मनीकंट्रोल (Moneycontrol) से खास बातचीत में पुरी ने कहा कि ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस (GBA) लॉन्च किए जाने का सबसे अहम असर यह होगा कि विमान में सस्टेनेबल फ्यूल (ग्रीन ईंधन) का इस्तेमाल किया जाएगा। उनका यह भी कहना था कि भारत तय समय से 5 साल पहले ही यानी 2025 तक ही पेट्रोल में 20 पर्सेंट एथनॉल मिलाने का लक्ष्य हासिल कर लेगा। इसके लिए 2030 का टारगेट हासिल किया गया है।
मंत्री ने कहा, 'अगर हम सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल के तौर पर 1 पर्सेंट बायोफ्यूल मिलाते हैं, तो इससे 5 लाख किसानों को फायदा होगा। साथ ही, अगर हम बायोफ्यूल मिलाने का मानक 5 पर्सेंट तक रखते हैं, तो इससे 70 लाख किसानों को फायदा होगा।'
जी-20 (G20) समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 सितंबर को ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस (G20) का ऐलान किया था, जिसे 19 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों को समर्थन मिला था। भारत की तरफ से प्रस्तावित ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस का मकसद बायोफ्यूल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए सरकारों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और इंडस्ट्री का गठबंधन तैयार करना है।
पुरी का यह भी कहना था कि बायोफ्यूल ब्लेडिंग से भारत ने पिछले 9 साल में इंपोर्ट बिल पर 73,000 करोड़ रुपये बचाए हैं और इसका बड़ा फायदा किसानों को भी मिला है। यह पूछे जाने पर क्या बायोफ्यूल की मात्रा ज्यादा होने पर खाद्य संकट की समस्या खड़ी हो सकती है, पुरी ने कहा, 'खाद्य सुरक्षा की पूरी बहस बेतुकी है...बायोफ्यूल के विकल्प का चुनाव कर आप अपने कृषि उत्पादन को बढ़ा रहे हैं।'