राजस्थान के बाद तेलंगाना सरकार (Telangana Government) ने भी कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों में सामने आ रहे है म्यूकर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) बीमारी को महामारी घोषित कर दिया है। तेलंगाना सरकार ने एक बयान जारी कर कहा कि कोरोना से उबरे मरीजों को निशाना बना रहे ब्लैक फंगस को महामारी रोग कानून 1897 के तहत घोषित किया है।
एक आधिकारिक अधिसूचना में गुरुवार को कहा गया कि सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य केंद्र, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तथा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा ब्लैक फंगस की जांच, निदान तथा प्रबंधन के लिए तय दिशा निर्देशों का पालन करें। अधिसूचना में कहा गया है कि सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य केंद्रों के लिए सभी संदिग्ध तथा पुष्ट मामलों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देना अनिवार्य है।
इसमें कहा गया है कि सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षक सख्त अनुपालन सुनिश्चित करें और स्वास्थ्य विभाग को रोज इसकी रिपोर्ट भेजे। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा था कि राज्य में ब्लैक फंगस के करीब 80 मामले हैं जिनका सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सरकार ने ब्लैक फंगस के इलाज के लिए गांधी जनरल हॉस्पिटल और राज्य द्वारा संचालित ईएनटी अस्पताल को नोडल केंद्र बनाया है।
इस बीच ब्लैक फंगस को लेकर दिल्ली सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने मंत्रियों, अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि ब्लैक फंगस बीमारी के बढ़ते मामलों को लेकर अधिकारियों एवं विशेषज्ञों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। हमें इस बीमारी को बढ़ने से भी रोकना है और जिनको ये बीमारी हो रही है उन्हें जल्द से जल्द बेहतर इलाज देना है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस बीमारी की रोकथाम और इलाज के लिए बैठक में कुछ अहम निर्णय लिए। उन्होंने बताया कि ब्लैक फंगस के इलाज के लिए LNJP, GTB और राजीव गांधी अस्पताल में सेंटर बनाए जाएंगे। साथ ही इसके इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का पर्याप्त मात्रा में प्रबंध के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीएम ने बीमारी से बचाव के उपायों को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने को कहा है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
