3,500-Year-Old Jar at Israel Museum: इजराइल के एक म्यूजियम में चार साल के एक बच्चे ने गलती से 3,500 साल पुराने जार को कई टुकड़ों में तोड़ दिया। हाइफा शहर में स्थित हेचट म्यूजियम (Israel’s Hecht Museum) ने BBC को बताया कि यह बर्तन 2,200 और 1,500 ईसा पूर्व के बीच कांस्य युग के हैं। यह एक दुर्लभ कलाकृति है। क्योंकि यह पूरी तरह से बरकरार है। इसे म्यूजियम के एंट्री के पास रखा गया था। म्यूजियम का मानना है कि पुरातात्विक खोजों को "बिना किसी बाधा के" प्रदर्शित करने में "विशेष आकर्षण" होता है। अब यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस ऐतिहासिक जार को म्यूजियम में एंट्री पर ही बिना ग्लास के घेरे के रखा गया था। ऐसा इसलिए ताकि म्यूजियम में आने लोगों को अलग अनुभव मिल सके। लेकिन उत्सुकतावश बच्चे ने जार को खींचने की कोशिश की और वह जमीन पर गिरकर कई टुकड़ों में टूट गया।
बीबीसी से बच्चे के पिता ने इस मामले को लेकर बात भी की। बच्चे के पिता, एलेक्स ने बीबीसी से कहा कि उनके बेटे ने "जार को थोड़ा खींचा" क्योंकि वह "जानने के लिए उत्सुक था कि उसके अंदर क्या है", जिससे यह गिरकर टूट गया।
बता दें कि इजराइल का हेचट म्यूजियम पुरातात्विक और कला वस्तुओं के संग्रह के लिए काफी मशहूर है। लड़के के पिता एलेक्स ने बीबीसी को बताया, "जब मैंने अपने बेटे को टूटे हुए जार के बगल में देखा तो मैं सदमे में था।" शुरू में उन्हें यकीन नहीं हुआ कि उनके बच्चे ने इस नुकसान के लिए जिम्मेदारी ली है। लेकिन बाद में अपने बेटे को शांत करने के बाद उन्होंने एक सुरक्षा गार्ड से बात की।
पुरातत्व और कला वस्तुओं के संग्रह के लिए मशहूर हेचट म्यूजियम ने कहा है कि दुर्घटना से पहले जो जार पूरी तरह से बरकरार था, उसे बहाल किया जाएगा। इसके बाद उसे वापस उसके प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा। म्यूजियम ऑथरिटी ने कहा कि यह पूरी तरह से अकास्मिक घटना थी। बीबीसी के मुताबिक प्रशासन ने बच्चे और उसके पैरेंट्स को फिर से म्यूजियम घूमने के लिए आमंत्रित भी किया।
म्यूजियम की जनरल डायरेक्टर डॉ. इनबल रिवलिन ने कहा कि कई बार वस्तुओं को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया जाता है। ऐसे मामलों में कार्यवाही की जाती है। हालांकि, इस मामले में ऐसा नहीं था। उन्होंने बताया कि बच्चे और उसके परिवार को फिर से म्यूजियम घूमने के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां पुरातात्विक वस्तुओं के आगे कांच नहीं रखा जाता है।