90-Hour Work Week Row: एलएंडटी के चेयरमैन का पैकेज एंप्लॉयीज की सैलरी से 535 गुना अधिक, रविवार को भी करते हैं काम

90-Hour Work Week Row: लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के चेयरमैन एसएन सुब्रमण्यम का हाल ही में दिए एक बयान ने विवाद का रुप ले लिया है। एसएन सुब्रमण्यम ने कर्मचारियों से रविवार को भी काम करने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा, "आप छुट्टी के दिन घर पर बैठकर क्या करेंगे? कितनी देर तक अपनी पत्नी को निहारते रहेंगे?" इस बयान पर अब विवाद छिड़ गया है

अपडेटेड Jan 10, 2025 पर 5:03 PM
Story continues below Advertisement
एलएंडटी के चेयरमैन सुब्रमण्यन ने एंप्लॉयीज से कहा कि अपनी बीबी को कब तक निहार सकते हैं? उन्होंने एंप्लॉयीज से घर पर कम वक्त गुजारने और ऑफिस में अधिक समय बिताने का आग्रह किया।

90-Hour Work Week Row: रविवार को भी एंप्लॉयीज को काम करने की पैरवी को लेकर एलएंडटी के चेयरमैन एसएन सुब्रमण्यन इस समय सुर्खियों में हैं। लार्सन एंड टूब्रो (Larsen & Toubro-L&T) के चेयरमैन ने एक हफ्ते में 90 घंटे काम की वकालत की है जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। इससे पहले इंफोसिस (Infosys) के को-फाउंडर नारायणमूर्ति ने एक हफ्ते में 70 घंटे काम करने की बात कहकर बहस की शुरुआत की थी। अब अगर सैलरी की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में कंपनी में एंप्लॉयीज की मीडियन सैलरी से एलएंडटी के चेयरमैन को 535 गुना अधिक पैसे मिले थे।

कितना फर्क है पैकेज में?

एलएंडटी की एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक सुब्रमण्यन को ₹3.6 करोड़ की सैलरी, ₹1.67 करोड़ का भत्ता, ₹10.5 करोड़ रिटायरमेंट बेनेफिट्स और ₹35.28 करोड़ कमीशन मिला यानी ओवरऑल उन्हें 51.05 करोड़ रुपये मिले। वहीं इसी एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के 59 हजार पक्के वर्कर्स की मीडियन तनख्वाह 9.55 लाख रुपये थी जोकि सालाना आधार पर 1.32 फीसदी बढ़ा था। मार्च 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसके 59,018 परमानेंट एंप्लॉयीज थे। रिपोर्ट के मुताबिक मैनेजमेंट के अलावा बाकी एंप्लॉयीज की सैलरी औसतन 1.74 फीसदी बढ़ी लेकिन मैनेजमेंट लेवल के एंप्लॉयीज का पैकेज औसतन 20.38% बढ़ा। मैनेजमेंट लेवल पर पैकेज अधिक मुनाफे और कमीशन की दरों में बढ़ोतरी के चलते अधिक बढ़ा।


क्या कहा था L&T के चेयरमैन ने और कंपनी की क्या है प्रतिक्रिया

एलएंडटी के चेयरमैन सुब्रमण्यन ने एंप्लॉयीज से कहा कि अपनी बीबी को कब तक निहार सकते हैं? उन्होंने एंप्लॉयीज से घर पर कम वक्त गुजारने और ऑफिस में अधिक समय बिताने का आग्रह किया था। उनके इस बयान ने वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर बहस फिर से तेज कर दी।

इसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस वीडियो में कोई तारीख नहीं जिससे यह नहीं कहा जा सकता है कि ये बातें उन्होंने कब कही। इस वीडियो में वह कर रहे हैं, "मुझे अफसोस है कि मैं आप लोगों से रविवार को काम नहीं करा सकता हूं। अगर मैं आप लोगों से रविवार को भी काम करा सकता तो मुझे बहुत खुशी होती क्योंकि मैं रविवार को भी काम करता हूं।" उन्होंने आगे कहा, "आप लोग घर पर बैठकर क्या करते हैं? बीबी को कब तक निहार सकते हैं और बीबी कब तक पति को निहार सकती है? आइए, ऑफिस आइए और काम शुरू करिए।" उन्होंने ये बातें एलएंडटी के चीफ कम्युनिकेशन्स ऑफिसर सुमीत चटर्जी के एक सवाल पर कही जिसमें उन्होंने चेयरमैन से सवाल किया कि एलएंडटी के एंप्लॉयीज से शनिवार को काम करने के लिए क्यों कहा जाता है, जबकि यह एक प्रमुख ग्रुप है?

इस मामले में कंपनी ने अपनी तरफ से जो प्रतिक्रिया दी है, उसमें कहा है कि चेयरमैन का यह बयान देश के लिए असाधारण परिणाम हासिल करने के लिए आवश्यक असाधारण प्रयासों के संदर्भ में था। एलएंडटी के प्रवक्ता ने कहा कि चेयरमैन ने जो बात कही है, वह बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए असाधारण कोशिशों पर जोर देने से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य पिछले आठ दशकों से राष्ट्र निर्माण की है और यह देश के इंफ्रा, इंडस्ट्रीज और तकनीकी क्षमताओं को आकार दे रही है।

'मुझे खेद है कि मैं आपसे रविवार को काम नहीं करवा सकता' L&T चीफ ने की हफ्ते में 90 घंटे काम करने की वकालत

वीक में 90 घंटे काम और बीवी को घूरने वाली बात पर मचा बवाल, L&T चेयरमैन के बयान पर जानें किसने क्या कहा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।