Air India: उड़ान के दौरान अचानक हवा में बंद हो गया प्लेन का इंजन, मुंबई एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

Air India के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को दूसरे विमान से बेंगलुरु के लिए रवाना किया गया

अपडेटेड May 20, 2022 पर 3:15 PM
DGCA इस घटना की जांच कर रहा है

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया (Air India) का ए320नियो (A320neo) विमान उड़ान भरने के महज 27 मिनट बाद मुंबई एयरपोर्ट पर वापस लौट आया। विमान का इंजन अचानक हवा में बंद हो गया और उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। हालांकि, इस दौरान किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।

डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) इस घटना की जांच कर रहा है। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार को घटना के बाद दूसरे विमान से यात्रियों को बेंगलुरु के लिए रवाना किया गया। एअर इंडिया के A320neo विमानों में ‘CFM’ के लीप इंजन लगे होते हैं।

ये भी पढ़ें- Pegasus Row: पेगासस जासूसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जांच समिति को दिया 20 जून तक रिपोर्ट जमा करने का समय


रिपोर्ट के मुताबिक, A320neo विमान के पायलट को सुबह 9 बजकर 43 मिनट पर छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमान के उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक इंजन में गड़बड़ी की चेतावनी मिली। सूत्रों ने बताया कि इंजन बंद होने के बाद सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर विमान वापस मुंबई एयरपोर्ट पर उतारा गया।

घटना के बारे में पूछे जाने पर एअर इंडिया के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि एअर इंडिया सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हमारे चालक दल इन स्थितियों से निपटने में अच्छी तरह से माहिर हैं। हमारे इंजीनियरिंग और रखरखाव दलों ने तुरंत इसकी जांच शुरू कर दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।