मुंबई में एयर इंडिया की महिला पायलट की मौत की घटना सामने आई है। मुंबई के अंधेरी ईस्ट, मरोलनाका में 25 साल की महिला पायलट सृष्टि तुली ने अपने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। 25 नवंबर को उनके किराए के फ्लैट में उनका शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। पुलिस की शुरुआती जांच पड़ताल में पता चला है कि तुली ने अपने बॉयफ्रेंड की प्रताड़ना से तंग होकर जान दे दी। इस मामले में पुलिस ने तुली के बॉयफ्रेंड आदित्य पंडित को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक सृष्टि के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवा पायलट के प्रेमी ने उसके साथ गलत व्यवहार किया था। उसे नॉन वेज खाने से रोका था। इसके बाद सृष्टि तुली (25) ने परेशान होकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि सृष्टि तुली उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की रहने वाली है।
पवई पुलिस के मुताबिक, सृष्टि पिछले साल जून से काम के सिलसिले मुंबई में रह रही थी। सृष्टि और आदित्य दो साल पहले दिल्ली में कमर्शियल पायलट का कोर्स करते समय मिले थे। इसके बाद उनके बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। घटना के वक्त आदित्य दिल्ली जा रहा था। रास्ते में ही सृष्टि ने आदित्य को फोन किया और कहा कि वह आत्महत्या करने जा रही है। तुरंत ही आदित्य मुंबई पहुंचा और सृष्टि के फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद पाया। आदित्य ने चाबी बनाने वाले की मदद से दरवाजा खुलवाया। तब तक सृष्टि डेटा केबल से फंदे से लटक चुकी थी। इसके बाद उसे सेवन हिल्स अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
सीएम योगी ने किया था सम्मानित
ट्रेनिंग के दौरान तुली दिल्ली के द्वारका में रहती थी। ट्रेनिंग के बाद उसे एयर इंडिया में नौकरी मिल गई और वह जून 2023 में मुंबई चली गई। तुली गोरखपुर की पहली महिला पायलट थीं। उन्हें उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया था। सोशल मीडिया पर सृष्टि तुली से जुड़े लोगों ने दुख व्यक्त करते उसे ब्राइट स्टार के तौर याद किया है।
पुलिस हिरासत में बॉयफ्रेंड
पवई पुलिस स्टेशन का कहना है कि आरोपी अदालत में पेश करके चार दिन दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं इस मामले में मृतक के परिजनों का कहना है कि आदित्य पडित हमेशा सृष्टि को परेशान करता रहता था। उससे सार्वजनिक स्थल पर भी दुर्व्यवहार कर चुका है। परिजनों का कहना है कि सृष्टि आदित्य से परेशान थी, लेकिन वह रिश्ता नहीं तोड़ सकती थी। इसकी वजह ये है कि वो आदित्य से प्यार करती थी।