भारत पे (BharatPe) के पूर्व को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) अपने बेबाक अंदाज के लिए काफी मशहूर हैं। अब उन्होंने अपनी ही एक्स कंपनी के चेयरमैन रजनीश कुमार की कड़ी आलोचना की है। अशनीर ने भारत पे के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कमेंट सेक्शन को बंद करने को लेकर रजनीश कुमार की आलोचना की है।
अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) ने रजनीश कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि भारत पे अकेला ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसने 15 महीने के लिए ट्विटर, लिंकडिन और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने कमेंट सेक्शन को बंद करके रखा है। इस बारे में एक ट्वीट करते हुए अशनीर ग्रोवर ने लिखा कि भारत पे स्पेशल है। रजनीश कुमार के अंडर में इसका मैनेजमेंट एक क्लास एक्ट है जो कि एक मैनमेंट स्टडी बनेगा। भारत में फिलहाल 106 यूनिकॉर्न हैं। इनमें से भारत पे अकेला है जिसने 15 महीने के लिए ट्विटर, लिंकडिन और इंस्टाग्राम पर अपने कमेंट सेक्शन को बंद करके रखा है। मेरे जाने के बाद से सोशल मीडिया बंद करने वाला यह पूरी दुनिया का इकलौता फिनटेक स्टार्टअप है।
अशनीर ग्रोवर पर दर्ज हो चुकी है FIR
पिछले साल भारत पे (BharatPe) की एक शिकायत के बाद आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने अशनीर ग्रोवर और उनकी पत्नी सहित उनके परिवार के तीन सदस्यों दीपक गुप्ता, सुरेश जैन और श्वेतांक जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इससे पहले 14 मई को अशनीर ग्रोवर ने एक ट्वीट करते हुए लिखा था कि दोगलापन किताब की शानदार कामयाबी के बाद अब मैं दोगलापान गेम बनाने पर काम कर रहा हूं। द गेम ऑफ कार्पोरट रंजिश। यह गेम चेस और मोनोपोली का एक कॉम्बिनेशन होगा।
अशनीर पर है 81 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक अशनीर ग्रोवर ने कथित तौर पर 81 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने अशनीर ग्रोवर पर धारा 406, धारा 408, धारा 409, धारा 420 और धारा 467 के तहत शिकायत दर्ज की है। भारत पे चार साल पहले शुरू हुई कंपनी है और यह शुरू से ही विवादों से घिरी रही है। इससे पहले अशनीर ग्रोवर कोटक महिंद्रा बैंक के एक एग्जीक्यूटिव को फोन पर धमकाने और गाली देने का आरोप भी झेल चुके हैं। जिसके बाद अशनीर ने जहां कंपनी को अलविदा कह दिया था वहीं उनकी पत्नी को भी कंपनी से हटा दिया गया था।