Atul Suicide Case: 'फिर मैं अलग क्यों रहती?' अतुल के उत्पीड़न के आरोपों पर बोली पत्नी निकिता सिंघानिया

Atul Subhash Suicide Case: बेंगलुरु पुलिस ने हाल ही में निकिता सिंघानिया को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। निकिता की मां निशा और भाई अनुराग को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद तीनों को बेंगलुरु लाया गया और अदालत में पेश किया गया

अपडेटेड Dec 17, 2024 पर 3:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Atul Suicide Case: 'फिर मैं अलग क्यों रहती?' अतुल के उत्पीड़न के आरोपों पर बोली पत्नी निकिता सिंघानिया

बेंगलुरु के इंजीनियर अतुल सुभाष आत्महत्या मामले में हर दिन कुछ नया सामने आ रहा है। पत्नी निकिता सिंघानिया ने अतुल की तरफ से लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों से पूरी तरह से नकार दिया। कई दिनों तक भागने के बाद पुलिस ने निकिता को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ के दौरान, निकिता ने दावा किया कि इसके उलट अतुल ने उन्हें उत्पीड़न का शिकार बनाया। बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले अतुल सुभाष ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया, जिसके कारण उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया।

निकिता सिंघानिया ने बताया कि वह करीब तीन साल से अपने पूर्व पति अतुल से अलग रह रही थीं। निकिता ने तर्क दिया कि अगर उन्होंने अतुल को पैसों के लिए परेशान किया होता, तो वह उससे दूर नहीं रहती।

पुलिस ने परिवार समेत निकिता को किया गिरफ्तार


बेंगलुरु पुलिस ने हाल ही में निकिता सिंघानिया को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। निकिता की मां निशा और भाई अनुराग को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद तीनों को बेंगलुरु लाया गया और अदालत में पेश किया गया।

29 साल की निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा सिंघानिया और 27 साल के छोटे भाई अनुराग सिंघानिया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस बीच, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सोमवार को निकिता सिंघानिया के चाचा सुशील सिंघानिया को अग्रिम जमानत दे दी, जो इस मामले में आरोपी भी थे।

अतुल ने सुसाइड नोट में क्या लिखा?

34 साल के अतुल सुभाष सोमवार को अपने फ्लैट में मृत पाए गए। 24 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला, जिसके हर पन्ने की शुरुआत में ''Justice is due'' यानी 'न्याय अभी बाकी है' लिखा हुआ था।

सुभाष का 90 मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे यूजर्स के बीच समाज में कानूनों के दुरुपयोग को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई।

वीडियो में, अतुल ने अपनी मौत के पीछे घरेलू विवाद को कारण बताया, जिसमें आठ झूठी पुलिस शिकायतें और जौनपुर में कथित रूप से पक्षपाती पारिवारिक अदालत की जज शामिल हैं।

अतुल ने अपने नोट में कहा था कि उसके ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे और पैसे की मांग कर रहे थे। उन्होंने अपने माता-पिता से बुढ़ापे में उनकी देखभाल नहीं कर पाने के लिए माफी भी मांगी।

अतुल के परिवार ने इस व्यवस्था पर निराशा जताते हुए कहा कि देश में पुरुषों के लिए नहीं बल्कि महिलाओं के लिए कानून हैं। अतुल ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी के परिवार ने तलाक के समझौते के रूप में 3 करोड़ रुपये की मांग की थी।

Atul Suicide Case: सिर्फ एक गलती और निकिता के साथ धरा गया पूरा परिवार, जानें बेंगलुरु पुलिस ने कैसे किया गिरफ्तार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।