उत्तर प्रदेश के औरैया में एक ऐसी शादी चर्चा का विषय बन गई, जिसे बिना दुल्हन के ही बारात लौटानी पड़ी। वजह थी—दूल्हे की अनोखी जिद! धूमधाम से निकली बारात दरवाजे तक तो पहुंची, लेकिन एक खास चीज गायब देखकर दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया और बिना कोई रस्म निभाए बारात को वापस ले गया। लड़की पक्ष को इस बात की भनक तक नहीं लगी और वे बस बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे रहे। जब काफी देर बाद भी बारात अंदर नहीं आई, तो उन्होंने फोन पर संपर्क किया, तब सच्चाई सामने आई।
दहेज में बाइक और नकद राशि की मांग पूरी न होने पर दूल्हे का परिवार बिना शादी किए ही लौट गया। इस घटना ने दुल्हन और उसके परिवार को सदमे में डाल दिया, और मामला पुलिस तक पहुंच गया। अब पूरे इलाके में इस अनोखी शादी की चर्चा हो रही है।
दहेज की डिमांड बनी शादी टूटने की वजह
ये घटना औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुरवा पट्टी की है, जहां राजेश की बेटी की शादी 6 मार्च को कानपुर देहात के प्रदीप से तय थी। शादी के दिन नाश्ते-पानी के बाद, दूल्हे के मामा ने वधू पक्ष से ₹50,000 और एक बाइक की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने गुजारिश की कि शादी की रस्में पूरी होने के बाद उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा, लेकिन दूल्हे के परिवार ने पहले बाइक और पैसे की मांग पूरी करने का दबाव बनाया।
दरवाजे पर नहीं दिखी बाइक, बिना शादी किए लौटा दूल्हा
दूल्हा बारात लेकर वधू के घर पहुंचा, लेकिन जैसे ही उसने दरवाजे पर बाइक नहीं देखी, वो बिना कुछ कहे बारात लेकर वापस चला गया। लड़की पक्ष बारात आने का इंतजार करता रहा, लेकिन जब काफी देर हो गई, तो उन्होंने फोन करके दूल्हे के परिवार से बात की। जब उन्हें असली कारण पता चला, तो उनके होश उड़ गए।
रोती-बिलखती रह गई दुल्हन, पुलिस तक पहुंचा मामला
जब दुल्हन को इस बारे में जानकारी मिली, तो वो बदहवास हो गई और उसे गहरा सदमा लग गया। उसके परिवार ने दूल्हे के पिता और मामा से बारात वापस लाने की विनती की, लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे। मजबूरन लड़की पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दुल्हन की मां ने बताया कि बारातियों का अच्छे से स्वागत किया गया था, लेकिन बिना बताए वे चले गए।
पुलिस कर रही जांच, चार दिन में सुलझेगा मामला
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लड़की पक्ष से कहा है कि चार दिन में इस पर कार्रवाई की जाएगी। दुल्हन के पिता ने बताया कि शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं, लेकिन बारात रास्ते से ही लौट गई। इस घटना से न केवल दुल्हन बल्कि पूरा परिवार सदमे में है। अब देखना ये होगा कि इस मामले में पुलिस क्या कदम उठाती है।