गाजियाबाद का हिंडन सिविल टर्मिनल यात्रियों के लिए एक और बेहतरीन सौगात लेकर आ रहा है। अब तक यहां से बेंगलुरु, कोलकाता और गोवा के लिए उड़ानें मिल रही थीं, लेकिन जल्द ही भुवनेश्वर के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इस खुशखबरी की जानकारी ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी। उन्होंने इसे यात्रियों के लिए बेहतरीन कनेक्टिविटी का नया अवसर बताया। बता दें कि हिंडन टर्मिनल से अक्टूबर 2019 में UDAN योजना के तहत घरेलू उड़ानों की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद से इसका लगातार विस्तार हो रहा है।
यह नया रूट खासतौर पर पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देगा, साथ ही यात्रियों के सफर को और सुगम बनाएगा। अगर आप भी भुवनेश्वर जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो तैयार हो जाइए, क्योंकि ये उड़ान आपके सफर को और भी आसान बना देगी।
मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
भुवनेश्वर के लिए नई उड़ान की घोषणा करते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एक्स पर लिखा,"भुवनेश्वर को एक और शानदार कनेक्टिविटी अवसर मिलने जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi को हार्दिक आभार, क्योंकि हिंडन (गाजियाबाद) और पोर्ट ब्लेयर के लिए नई उड़ानें जल्द ही शुरू होंगी। इससे पर्यटन, व्यापार और निर्बाध कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।”
मीडिया रिपोर्ट के मुताबीक, फिलहाल हिंडन टर्मिनल के अधिकारी इस रूट की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक प्रतिनिधि ने जानकारी देते हुए कहा,
"हिंडन से भुवनेश्वर के लिए आधिकारिक घोषणा एक-दो दिन में की जाएगी। हालांकि, 30 मार्च से इस मार्ग पर उड़ान संचालन शुरू होने की संभावना है। फिलहाल शेड्यूल पर काम चल रहा है और जल्द ही औपचारिक घोषणा की जाएगी।"
उड़ान का शेड्यूल और बुकिंग स्थिति
हिंडन सिविल टर्मिनल के निदेशक उमेश यादव ने बताया कि इस नए रूट की बुकिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, अभी तक भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) या एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, भुवनेश्वर के लिए उड़ान सुबह 9:20 बजे हिंडन से प्रस्थान कर सकती है और 11:45 बजे ओडिशा की राजधानी पहुंच सकती है। इस रूट पर हर दिन 180-सीटर विमान का संचालन किया जाएगा।
हिंडन टर्मिनल से अन्य उड़ानें भी शुरू
हाल ही में हिंडन से बेंगलुरु, कोलकाता और गोवा के लिए उड़ानें शुरू हुई थीं। इसके अलावा, यहां से किशनगढ़, नांदेड, आदमपुर, लुधियाना और बठिंडा के लिए भी फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं।
आने वाले दिनों में भी उड़ानों का विस्तार जारी रहेगा। 22 मार्च से चेन्नई और 23 मार्च से जम्मू के लिए भी उड़ानें शुरू हो जाएंगी।
हिंडन एयरपोर्ट से यात्रियों को लगातार मिल रही नई सुविधाएं
हिंडन सिविल टर्मिनल से लगातार नए गंतव्यों के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा रही है, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिल रहा है। खासतौर पर UDAN योजना के तहत छोटे शहरों को बड़े शहरों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। भुवनेश्वर के लिए सीधी उड़ान से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।