इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सफल आयोजन के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने एक दिल छू लेने वाला कदम उठाया है, जिसकी जमकर तारीफ हो रही है। बीसीसीआई ने हाल में संपन्न इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान पिच तैयार करने वाले क्यूरेटर और मैदानकर्मियों को एक करोड़ 25 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। बीसीसीआई ने उन्हें IPL 2022 के "अनसंग हीरो (unsung heroes)" के रूप में जिक्र किया है।
बता दें कि दो महीने तक चले क्रिकेट के मेले के बाद IPL 2022 समाप्त हो गया है। डेब्यू कर रहे गुजरात टाइटंस ने रविवार रात खिताबी मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर IPL 2022 का खिताब जीता। हर सीजन की तरह इस बार भी इस टूर्नामेंट का रोमांच खूब सर चढ़कर बोला।
BCCI के सचिव जय शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मुझे उन व्यक्तियों के लिए एक करोड़ 25 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित करने की खुशी है, जिन्होंने टाटा IPL 2022 के दौरान हमें सर्वश्रेष्ठ मुकाबले दिए। अनसंग हीरो- इस सत्र में IPL के छह स्थलों के क्यूरेटर और मैदानकर्मी।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘हमने कुछ शानदार मुकाबले देखे और मैं कड़ी मेहनत के लिए उनमें से प्रत्येक को धन्यवाद देना चाहता हूं। CCI, वानखेड़े, डीवाई पाटिल और पुणे के MCA स्टेडियम के क्यूरेटर और मैदानकर्मियों को 25-25 लाख और ईडन गार्डन्स तथा नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ग्राउंड्समैन को 12 लाख 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’
ईडन गार्डन्स के प्रमुख क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने इस घोषणा को लेकर खुशी जताई है। सुजान ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि पहले सिर्फ बेस्ट मैदान के लिए एक पुरस्कार हुआ करता था, लेकिन यह एक अच्छी और नई पहल है। उन्होंने कहा कि न केवल ईडन गार्डन्स, बल्कि पूरे भारत के सभी ग्राउंड्समैन इससे बहुत खुश होंगे। हम वास्तव में इस पहल के लिए BCCI के आभारी हैं।
BCCI पहली बार मैदानकर्मियों को मोटी प्रोत्साहन राशि दे रहा है। इस लुभावनी टी-20 प्रतियोगिता के 70 लीग मुकाबले महाराष्ट्र के 4 स्थलों- मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम और ब्रेबोर्न स्टेडियम, नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और पुणे के गाहुंजे में महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हुए। वहीं, प्ले आफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए। फाइनल मुकाबला भी अहमदाबाद के मैदान पर ही खेला गया।