दुनिया के सबसे अमीर शख्स बर्नार्ड अर्नाल्ट की संपत्ति सिर्फ एक दिन में 11 अरब डॉलर घटी, जानिए क्या है इसकी वजह

अब अर्नाल्ट और एलॉन मस्क के नेटवर्थ के बीच सिर्फ 11.4 अरब डॉलर का फर्क रह गया है। मस्क दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं। वह इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली अमेरिकी कंपनी Tesla के सीईओ हैं

अपडेटेड May 24, 2023 पर 4:19 PM
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, इस गिरावट के बावजूद अर्नाल्ट का नेटवर्थ 191.6 अरब डॉलर है। इस साल उनके नेटवर्थ में 29.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स बर्नार्ड अर्नाल्ट (Bernard Arnault) की संपत्ति एक दिन में 11.2 अरब डॉलर घट गई है। इसकी वजह अमेरिकी इकोनॉमी पर मंडराता मंदी का खतरा है। दरअसल, अर्नाल्ट दुनिया की सबसे बड़ी लग्जरी कंपनियों में से एक LVMH के बॉस हैं। अमेरिकी इकोनॉमी के मंदी में जाने की आशंका से इस कंपनी के शेयरों में बड़ी गिरावट आई है। इनवेस्टर्स का मानना है कि अमेरिका में मंदी से लग्जरी आइटम्स की मांग घट जाएगी, जिसका असर एलवीएमएच के रेवेन्यू पर पड़ेगा। अर्नाल्ट एलवीएमएच के फाउंडर भी हैं। उनकी कंपनी के मशहूर ब्रांड्स में लुई वितॉ हैंडबैग्स, Moet & Chandon Champagne और क्रिस्टिय डियोर गाउंस शामिल हैं।

2023 में लग्जरी कंपनियों के शेयरों में जबर्दस्त उछाल

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 लग्जरी कंपनियों के शेयरों के लिए अच्छा था। इस साल एलवीएमएच सहित कई यूरोपीय लग्जरी कंपनियों के शेयरों में उछाल आया था। इससे अर्नाल्ट की संपत्ति की वैल्यू भी बढ़ गई थी। लेकिन, मई लग्जरी कंपनियों के शेयरों के लिए खराब है। सिर्फ 23 मई को एलवीएमएच के शेयरों में 5 फीसदी की गिरावट आई। यह एक साल से ज्यादा समय में एक दिन में आई सबसे ज्यादा गिरावट है। इस गिरावट की वजह से यूरोपीय लग्जरी कंपनियों की वैल्यूएशन करीब 30 अरब डॉलर घट गई।


यह भी पढ़ें : किसानों की जिंदगी बदलने वाली DeHaat खुद मुश्किल में दिख रही है, फंड की कमी और ऑडिटर्स की टिप्पणी ने बढ़ाई चिंता

अर्नाल्ट का नेटवर्थ 191.6 अरब डॉलर

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, इस गिरावट के बावजूद अर्नाल्ट का नेटवर्थ 191.6 अरब डॉलर है। इस साल उनके नेटवर्थ में 29.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। अब अर्नाल्ट और एलॉन मस्क के नेटवर्थ के बीच सिर्फ 11.4 अरब डॉलर का फर्क रह गया है। मस्क दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं। वह इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली अमेरिकी कंपनी Tesla के सीईओ हैं। पिछले साल उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Twitter को खरीदा था।

LVMH के शेयर इस साल 23% चढ़ा

23 मई को गिरावट से पहले LVMH के शेयरों में इस साल जबर्दस्त तेजी देखने को मिली थी। यही वजह है कि गिरावट के बावजूद अब भी कंपनी के शेयर का प्राइस इस साल 23 फीसदी चढ़ा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल MSCI यूरोप टेक्सटाइल्स एंड लग्जरी गुड्स इंडेक्स 27 फीसदी चढ़ा है।

लग्जरी कंपनियों के शेयरों में घट सकती है दिलचस्पी

मॉर्गन स्टेनली की तरफ से पेरिस में लग्जरी पर आयोजित के कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने वाले ज्यादातर एनालिस्ट का मानना था कि अमेरिकी इकोनॉमी का प्रदर्शन कमजोर रह सकता है। डोएचे बैंक एजी के एनालिस्ट मैट गारलैंड और एडमैन कोहरेंस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उन्हें लगता है कि यूरोपीय लग्जरी कंपनियों के शेयरों को लेकर इनवेस्टर्स सेलेक्टिव हो सकते हैं। इसकी वजह अमेरिका में ग्रोथ को लेकर बढ़ती चिंता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।