कोरियाई गेम कंपनी क्राफ्टन (Krafton) के पबजी मोबाइल (PUBG Mobile) के रीब्रांडेड वर्जन बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) गूगल प्ले स्टोर ( Google Play store) और एप्पल ऐप स्टोर (Apple App store) से हटा लिया गया है। लोकप्रिय बैटल रॉयल गेम BGMI को भारत में पबजी मोबाइल के बैन होने के बाद लॉन्च किया गया था। इस मोबाइल गेम भी उसी कंपनी Krafton की तरफ से लॉन्च किया गया था, जिसके तहत पबजी मोबाइल आता है।
रिपोर्ट्स की मानें तो भारत सरकार के एक आदेश के बाद इस गेम को एंड्राइड और एप्पल प्ले- स्टोर दोनों प्लेटफार्म से हटा दिया गया है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, PUBG Mobile या फिर BGMI के तूल पकड़ने की वजह एक हत्याकांड है। कुछ दिनों पहले एक मामला सामने आया था, जिसमें दावा किया गया था कि एक 16 साल के लड़के ने 'PUBG जैस ऑनलाइन गेम' को खेलने से रोकने की वजह से अपनी मां की हत्या कर दी।
PUBG मोबाइल के बैन होने के बाद BGMI को पिछले ही साल लॉन्च किया गया था। इसकी भारत में लोकप्रियता काफी तेजी से बढ़ रही थी। लेकिन गुरुवार को यह गेम Google Play और Apple ऐप स्टोर से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारत सरकार ने BGMI पर भी बैन लगा दिया है या नहीं। लेकिन फिलहाल इसका ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर दिखाई नहीं दे रहा है।
कोरियाई गेम डेवलपर ने मनीकंट्रोल से खास बातचीत में Google Play Store और Apple App Store से BGMI को हटाने की पुष्टि की है। क्राफ्टन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि हम स्पष्ट कर रहे हैं कि Google Play स्टोर और ऐप स्टोर से BGMI को हटा दिया गया था। विशिष्ट जानकारी मिलने के बाद हम आपको डिटेल्स बताएंगे। ऐप भारत में 28 जुलाई की देर शाम से उपलब्ध नहीं है।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने हाल ही में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से स्पष्टीकरण मांगा था कि भारत में प्रतिबंधित होने के बावजूद पबजी गेम नाबालिगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने के लिए कैसे उपलब्ध है?
हाल में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में ऑनलाइन गेम खेलने से रोकने से गुस्साए 16 वर्षीय लड़के ने कथित तौर पर अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद आयोग ने यह स्पष्टीकरण मांगा था। वर्ष 2020 में सरकार ने लोकप्रिय ऐप पबजी और अन्य को राष्ट्र की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए प्रतिबंधित कर दिया था।