बिहार के नवादा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां एक महिला कांस्टेबल को एक ट्रेनी दरोगा से प्यार हो गया। प्यार में साथ जीने मरने की कसम भी खा ली, लेकिन जब साथ निभाने की बारी आई, तो पहले प्रेमी दरोगा ने न नुकर किया, जब प्रेमिका ने दबाव बनाया तो वह शादी करने के लिए राजी हो गया। इसके बाद दोनों ने मंदिर में जाकर शादी भी रचा ली, तभी कुछ ऐसा हो गया की प्रेमी दरोगा को इतना गुस्सा आया कि भरे बाजार में लोगों के सामने उसने अपनी प्रेमिका को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
थप्पड़ इतना जोर का था कि प्रेमिका वहीं जमीन पर गिर गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। मामला नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां प्रेम विवाह के दौरान एक पुरुष दरोगा ने अपनी प्रेमिका कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ दिया।
दो सालों से एक दूसरे से करते थे प्यार
बताया जाता है कि मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के रहने वाले सचिन कुमार, जो वर्तमान में नवादा जिले के नरहट थाना में ट्रेनी पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) के रूप में तैनात है। उसका प्रेम प्रसंग नवादा महिला थाना में पुलिस कांस्टेबल के रूप में तैनात कटिहार जिले के कुर्सेला निवासी सुमन कुमारी के साथ चल रहा था।
पिछले दो सालों से दोनों एक दूसरे के साथ प्रेम प्रसंग में थे। युवती ने बताया कि वह दोनों एक दूसरे के साथ शादी करना चाहते थे, लेकिन उसका प्रेमी इस बात के लिए तैयार नहीं हो रहा था। काफी समझाने-बुझाने और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना होने के बाद वह शादी के लिए तैयार हुआ।
इसके बाद दोनों प्रेमिका नवादा शहर के शोभनाथ मंदिर में शादी रचाने पहुंच गए। शादी के दौरान ही प्रेमी SI को इतना गुस्सा आया कि उसने अपनी प्रेमिका को थप्पड़ जड़ दिया।
क्यों भड़के SI दूल्हे राजे?
बताया जाता है कि जिस वक्त दोनों प्रेमी-प्रेमिका शादी कर रहे थे, इसी दौरान कुछ लोग आकर इसका वीडियो बना रहे थे। यह बात प्रेमी सचिन कुमार को नागवार गुजरी। शादी के दौरान ही पहले वह इस बात को लेकर ना-नुकर करता रहा, लेकिन जब वहां मौजूद लोग वीडियो बनाने से नहीं रुके तब उसे गुस्सा आ गया और उसने अपनी प्रेमिका सुमन कुमारी को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद उसकी प्रेमिका जमीन पर गिर गई।
इसके बाद पूरा मामला हाई वोल्टेज ड्रामे में तब्दील हो गया। सुमन ने कहा कि वह उसके घर जाएगी और वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है। पूरे मामले पर अब रजौली अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुलशन कुमार ने मामले में कार्रवाई की भी बात कही है।
रजौली SDPO ने कहा कि वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि दारोगा की ओर से अनुशासनहीनता बरती गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी और अगर महिला कांस्टेबल की तरफ से लिखित शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।