Bihar: फोटो जर्नलिस्ट को लोहे की रॉड से पीट कर मार डाला, पड़ोसी और पत्नी के झगड़े में कर रहे थे बीच-बचाव

Bihar Murder News: मृतक के परिवार की ओर से मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि मृतक की पहचान नीलांबर यादव के रूप में हुई है, जो पूर्णिया के के हाट थाना क्षेत्र के न्यू सिपाही टोला का निवासी था

अपडेटेड Dec 28, 2024 पर 8:53 PM
बिहार के पूर्णिया जिले में एक स्थानीय हिंदी अखबार के एक फोटो पत्रकार की उसके पड़ोसी ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी

बिहार के पूर्णिया जिले में एक स्थानीय हिंदी अखबार के एक फोटो पत्रकार की उसके पड़ोसी ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। 35 साल के मृतक अपने पड़ोसी और उसकी पत्नी के बीच हुई लड़ाई में हस्तक्षेप करने गया था, लेकिन पड़ोसी ने फोटो जर्नलिस्ट को पकड़ लिया और उसके सिर पर हमला कर दिया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि पड़ोसी ने एक बार मृतक के सिर पर पिस्तौल तान दी थी।

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक के परिवार की ओर से मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि मृतक की पहचान नीलांबर यादव के रूप में हुई है, जो पूर्णिया के के हाट थाना क्षेत्र के न्यू सिपाही टोला का निवासी था।

कैसे हुआ झगड़ा?


मृतक के छोटे भाई पीतांबर के हवाले से बताया गया, "पिछली रात उनके पड़ोसी निशांत यादव और उनकी पत्नी भवानी कुमारी के बीच झगड़ा हो रहा था। लगभग 1.30 बजे, निशांत के पिता, नीरज यादव, मेरे बड़े भाई, नीलांबर को हस्तक्षेप करने के लिए बुलाने के लिए हमारे घर आए।"

पीतांबर ने कहा, "जब मेरा भाई उनके घर गया, तो वहां रहने वाले प्रमोद यादव ने उसे पकड़ लिया और निशांत ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया। वह बेहोश हो गए और कुछ देर बाद उनका निधन हो गया।"

पब्लिकेशन ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि निशांत का पत्रकार के परिवार से विवाद चल रहा था। एक साल पहले, निशांत कथित तौर पर नीलांबर के घर में घुस गया और उसके सिर पर पिस्तौल तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पत्रकार के घर में CCTV कैमरा लगवाया था।

एक शख्स हुआ गिरफ्तार

मृत के छोटे भाई के हवाले से बताया गया, “पड़ोसी के घर में, हमें मेरे बड़े भाई के जूते, ईंटें, लाठियां और बांस फर्श पर बिखरे हुए मिले। नीलांबर खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। जब मैंने विरोध किया, तो उन्होंने मुझ पर भी हमला कर दिया।''

TOI के मुताबिक, पूर्णिया के SP कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पुलिस को देखकर निशांत, उसके पिता नीरज, पत्नी भवानी और बहनें ऋचा कुमारी और स्वाति कुमारी दीवार कूदकर घर से भाग गए।

शर्मा के हवाले से कहा गया कि पुलिस ने मामले में प्रमोद नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हालांकि, निशांत और उसके परिवार के सदस्य फरार हैं।

नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर पत्रकार को श्रद्धांजलि दी। वहीं पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा और बीजेपी जिला अध्यक्ष राकेश कुमार भी उनके घर पहुंचे।

निशांत और उसके परिवार का क्रिमिनल बैकग्राउंड रही है। पांच साल पहले उसने सोनापुर पंचायत के मुखिया पप्पू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

उसने अपनी सजा पूरी कर ली और डेढ़ साल पहले जेल से रिहा हो गया। उसकी बाइक अभी भी थाने में जब्त है। एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा गया, "आरोपी के पिता, नीरज पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप है।"

Bihar Murder Case: भांजे के प्यार में पागल हुई महिला, कलयुगी मां ने की अपनी ही 2 बेटियों की हत्या, फिर भांजे की भी संदिग्ध मौत

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।