Noida Schools Bomb Threat: बुधवार सुबह नोएडा के सेक्टर 126 स्थित ज्ञानश्री स्कूल, मयूर पब्लिक स्कूल, द हेरिटेज और स्टेप बाय स्टेप स्कूल को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिससे स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। ईमेल में बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी, जिससे प्रबंधन और अभिभावक घबरा गए।सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन कर्मी और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। डर और घबराहट के कारण अभिभावक भी स्कूलों के बाहर इकट्ठा हो गए। जांच के बाद पुलिस ने स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु न मिलने की पुष्टि की और साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई।
यह पहली बार नहीं है जब स्कूलों को ऐसी धमकी मिली हो। इससे पहले भी गाजियाबाद और नोएडा के कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस सुराग नहीं मिला है।
पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा
प्रबंधन की सूचना पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन कर्मी और डॉग स्क्वाड तुरंत स्कूल पहुंचे और जांच शुरू कर दी। इस बीच अभिभावक भी घबराकर स्कूलों के बाहर जमा हो गए।
ईमेल में बच्चों को मारने की धमकी
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला के अनुसार, ईमेल में उर्दू शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बच्चों को मारकर बदला लेने जैसी धमकियां दी गई थीं।
जैसे ही अभिभावकों को इस घटना की जानकारी मिली, वे स्कूल पहुंचकर बच्चों को घर ले जाने की मांग करने लगे। प्रबंधन और पुलिस ने स्थिति को संभाला और अभिभावकों के साथ बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया।
दो घंटे की जांच, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
करीब दो घंटे की जांच के बाद पुलिस ने स्कूलों के अंदर कोई संदिग्ध वस्तु न मिलने की पुष्टि की। इसके बाद ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम जांच में जुट गई।
गाजियाबाद के स्कूल को भी मिली थी धमकी
इससे पहले सोमवार को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन स्थित सेंटमेरी क्रिश्चियन स्कूल को बम धमाके की धमकी भरा ईमेल मिला था। जांच के बाद कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
मई 2024 में डीएवी स्कूल, दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल और दशमेश पब्लिक स्कूल को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। अक्टूबर में हिंडन एयरफोर्स की एक फ्लाइट में बम की सूचना दी गई थी, लेकिन अभी तक किसी भी मामले में पुलिस को ठोस सुराग नहीं मिला है।