CBSE Board 10th Term 2 Results 2022: सीबीएसई बोर्ड 10वीं के रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं के बाद कक्षा 10वीं के टर्म 2 का भी रिजल्ट जारी कर दिया है। CBSE ने आज यानी 22 जुलाई 2022 को ठीक 02 बजे 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। cbse.nic.in और cbseresults.nic.in पर छात्र अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
इससे पहले CBSE ने शुक्रवार सुबह अपनी आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in और results.cbse.nic.in पर कक्षा 12वीं टर्म 2 परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। इस साल 12वीं कक्षा के कुल 92.71% छात्रों ने परीक्षा पास की है।
हालांकि, पिछले साल की तुलना में ये प्रतिशत कम है। पिछली साल 99.37 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। छात्राओं ने छात्रों से 3.29 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़के 91.25 फीसदी और लड़कियां 94.54 प्रतिशत पास हुई हैं। टर्म-2 को 70 फीसदी वेटेज दिया गया है, जबकि टर्म-1 को 30 प्रतिशत वेटेज दिया गया है।
छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट, results.gov.in, cbse.gov.in, results.cbse.nic.in और cbresults.nic.in पर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र डिजिलॉकर ऐप (Digilocker app) और वेबसाइट digilocker.gov.in के जरिए भी रिजल्ट देख सकते हैं। वहीं, UMANG ऐप के जरिए भी देखा जा सकता है।
डाउनलोड करने का आसान तरीका
- रिजल्ट चेक और डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट- cbse.gov.in या cbresults.nic.in पर जाएं।
- इसके बाद कक्षा 10वीं रिजल्ट लिंक CBSE 10th result 2022 पर क्लिक करें।
- फिर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या रोल नंबर दर्ज करें।
- अब कक्षा 10वीं का रिजल्ट आपके स्क्रीन पर दिख जाएगा।
- इसके बाद आप PDF स्कोरकार्ड डाउनलोड कर अपने पास रख लें।
35 लाख छात्र परीक्षा में हुए थे शामिल
अधिकारियों ने बताया कि CBSE 10वीं और 12वीं टर्म-2 परीक्षा 2022 में लगभग 35 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें से 10वीं की परीक्षा में 21 लाख और 12वीं की परीक्षा में 14 लाख छात्र उपस्थित हुए थे। दोनों कक्षाओं की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू हुई थी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 24 मई तक चली थी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 जून तक थीं।
कक्षा 10वीं की परीक्षा इस बार दो साल बाद आयोजित की गई थी। इससे पहले, सीबीएसई ने COVID-19 के बढ़ते मामलों के कारण कक्षा 10वीं के लिए फिजिकली परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया था। टर्म 1 की परीक्षा ऑब्जेक्टिव-बेस्ड फॉर्मेट में आयोजित की गई थी, जबकि टर्म 2 की परीक्षा ऑफलाइन आयोजित की गई थी, जिसमें छात्रों को सब्जेक्टिव सवालों के जवाब देने होते थे।
CBSE की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा पास करने के लिए छात्रों का न्यूनतम 30 फीसदी अंक होना जरूरी है। 10वीं और 12वीं के जिन छात्रों के मार्क्स अपेक्षा अनुरूप नहीं आएंगे, वे कॉपी स्क्रूटनी करा सकते हैं। इसके लिए छात्रों को प्रति विषय 500 रुपये का शुल्क चुकाना होता है। इसके अलावा यदि छात्र एक या दो सब्जेक्ट में फेल हो जाते हैं तो कंपार्टमेंट परीक्षा देकर पास हो सकते हैं।