Chamoli Avalanche: उत्‍तराखंड के चमोली में बड़ा हादसा! ग्लेशियर टूटने से 57 मजदूर दबे, 32 को बर्फ से निकाला गया, अब भी 25 फंसे

Glacier Burst in Uttarakhand: उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शक्रवार (28 फरवरी) शाम पांच बजे तक बद्रीनाथ धाम से 6 किलोमीटर आगे ग्लेशियर टूटने से बर्फ में फंसे 57 में से 32 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। जबकि बाकी बचे 25 अन्य मजदूरों को निकालने की कार्रवाई चल रही है

अपडेटेड Feb 28, 2025 पर 7:51 PM
Story continues below Advertisement
Chamoli News: चमोली के ऊपरी इलाकों में कई दिनों से भारी बर्फभारी हो रही है

Chamoli News: उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से हड़कंप मच गया है। चमोली जिले में बद्रीनाथ के पास माणा में गुरुवार (28 फरवरी) को ग्लेशियर टूटने से वहां रह रहे 57 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में जारी बर्फबारी के बीच यह दुखद खबर सामने आई है। बद्रीनाथ धाम में माणा गांव के पास दबे 57 मजदूरों में से 32 मजदूरों को बचा लिया गया है। खबर लिखे जाने तक 25 मजदूरों की तलाश जारी है।

चमोली हिमस्खलन पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने एक बयान में बताया, "शाम 5:00 बजे तक 32 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। बाकी 25 लोगों को निकालने की प्रक्रिया जारी है। चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से 6 किलोमीटर आगे हिमस्खलन में फंसे लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।"

उत्तराखंड के मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बताया कि चमोली जिले में बदरीनाथ के पास माणा में ग्लेशियर टूटने से 57 मजदूर दब गए। बाकी मजदूरों को बचाने की कोशिश जारी है। रतूड़ी ने बताया कि ग्लेशियल माणा में सड़क निर्माण कार्य में लगे मजूदरों की सड़क किनारे बनी झोपड़ियों पर गिरा।


उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीमा सड़क संगठन और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फिर बचाव और राहत कार्य शुरू किया। सचिव ने बताया कि खराब मौसम और लगातार गिर रही बर्फ के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है।

चमोली के ऊपरी इलाकों में कई दिनों से भारी बर्फभारी हो रही है। बद्रीनाथ मंदिर से छह किलोमीटर दूर हाईवे के पास यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में बीआरओ कैंप को भी नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट के अनुसार ग्लेशियर टूटने की घटना शुक्रवार सुबह हुई।

घटना की सूचना मिलने के बाद सेना और आईटीबीपी की टीमें मौके पर भेज दी गई हैं। सभी मजदूर BRO (Border Roads Organisation) के लिए काम कर रहे थे। सड़क के काम में लगी BRO की टीम और भारतीय सेना की 9 ब्रिगेड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। साथ ही आईटीबीपी की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हैं।

जोशीमठ के हेलिपैड से SDRF की टीमों को मौके पर रवाना कर दिया गया है। NDTV की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ये सभी माणा गांव के पास 50 किमी क्षेत्र में हाइवे चौड़ीकरण के काम में लगी कंपनी के मजदूर हैं। सड़क का काम ईपीसी कंपनी के जरिए बीआरओ करा रही है।

चमोली में हाई अलर्ट

चमोली में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और विभागों को अलर्ट रहने को कहा है। उत्तराखंड के चमोली और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश एवं बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम के पास ग्लेशियर फटने के कारण बर्फ के नीचे फंसे सभी मजदूरों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की है।

ये भी पढ़ें- Mumbai Fire Video: मुंबई के समंदर में जा रही नाव में लगी आग, अलीबाग के पास धू-धूकर जलने का वीडियो वायरल

सीएम ने X पर लिखा, "जनपद चमोली में माणा गांव के निकट BRO द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ITBP, BRO और अन्य बचाव दलों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।