Mumbai Fire Viral Video: मुंबई के अलीबाग में मछली पकड़ने वाली एक नाव में शुक्रवार (28 फरवरी) को भीषण आग लग गई। यह हादसा अलीबाग के पास समुद्र में हुई। आग लगने में नाव करीब 80 प्रतिशत तक जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि नाव पर 18 नाविक सवार थे। गनीमत ये रही कि सभी को समय रहते बचा लिया गया। नाव पर सवार सभी लोग सुरक्षित है।
एक अधिकारी ने बताया कि आग की चपेट में आने से नाव में रखा जाल समेत सभी सामान जलकर राख हो गए हैं। एनडीटीवी के मुताबिक, नाव साखर गांव के राकेश मारुति गण की बताई जा रही थी। फिलहाल आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं है।
एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को अलीबाग तट से लगभग 6 से 7 समुद्री मील दूर राकेश गण की मछली पकड़ने वाली नाव में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने तुरंत कार्रवाई की। नाव पर सवार सभी 18 चालक दल के सदस्यों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
अधिकारी आग के कारणों की जांच कर रहे हैं। जबकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समुद्री सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि सखर अक्षी गांव के राकेश मारुति गण की नाव आग की लपटों में घिर गई। इससे मछली पकड़ने के जाल सहित नाव 80 प्रतिशत जल गई। हालांकि, इसमें सवार सभी 18 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
आग कथित तौर पर शुक्रवार तड़के लगी, जो तट से लगभग छह से सात समुद्री मील दूर थी। हालांकि सटीक कारण स्पष्ट नहीं है। लेकिन माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। खबर मिलते ही स्थानीय मछुआरे, तटरक्षक और नौसेना की नावें सहायता के लिए घटनास्थल पर पहुंचीं।
तमाम प्रयासों से जलती हुई नाव को किनारे के करीब लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें तेजी से फैलने पर चालक दल के सदस्यों में दहशत फैल गई। हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा समय पर हस्तक्षेप करने से नाव को सुरक्षित निकालने में मदद मिली। अधिकारी वर्तमान में आग के सटीक कारण का पता लगाने के लिए घटना की जांच कर रहे हैं।
नाव के आग लगने का जो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, उसमें समुद्र के ठीक बीच में पानी पर तैर रही नाव आग के गोले में तब्दील हो चुकी है। पूरी नाव धू-धू कर जल रही है। आग की लपटों से घिरी नाव से बड़ा धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। वीडियो देख अंदाजा हो जाएगा कि नाव में लगी आग कितनी भयंकर थी। नौ सेना की वजह से सभी की जान बच गई।