आस्था का महापर्व छठ हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू हो जाता है। इसे सप्तमी तिथि तक मनाया जाता है। छठ पूजा की विशेष धार्मिक मान्यता होती है। आज इसका तीसरा और अहम दिन है। आज ही के दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। जिसमें श्रद्धालु नदी, तालाबों में अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसबीच ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए NCR ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। ट्रैफिक पुलिस की यह एडवाइजरी 7 नवंबर से 8 नवंबर तक लागू रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले इस एडवाइजरी को जरूर पढ़ लें। कहीं ऐसा न हो कि आप कहीं जाम में फंस जाएं।
छठ पूजा के तीसरे दिन घाटों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होंगे। महापर्व छठ पूजा के त्योहार के लिए जिले के घाटों पर सजावट की गई है। इसके साथ ही सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।
गाजियाबाद में ट्रैफिक का हाल
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, यह एडवाइजरी 7 नवंबर को दोपहर 2 बजे से देर शाम तक और 8 नवंबर को सुबह 3 बजे से लागू रहेगी। अधिकारियों ने डीपीएस सिद्धार्थ विहार के पास न्यू लिंक रोड और न्यू बस अड्डा/मेरठ तिराहा से हिंडन ब्रिज की ओर सभी तरह के कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, ट्रैफिक विभाग ने मोहन नगर से हिंडन ब्रिज की ओर सभी तरह के कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इन सभी वाहनों को यूपी गेट से एनएच-09 के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं मेरठ से मेरठ तिराहा होते हुए मोहन नगर या सीमापुरी की ओर जाने वाले कमर्शियल वाहनों को एनएच-09 का के जरिए एएलटी, हापुड़ चुंगी और डायमंड फ्लाईओवर के रास्ते भेजा जाएगा। इसी तरह भोपुरा तिराहा से हिंडन एयरफोर्स गोल चक्कर से नागद्वार/करहेड़ा की ओर आने वाले सभी तरह के कमर्शियल वाहनों पर रोक लगाई गई है।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस एडवाइजरी
गाजियाबाद की तरह ही नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने भी छठ पर्व से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। सरिता विहार क्षेत्र से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी यात्रियों को कालिंदी कुंज रोड से डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है।
पटना ट्रैफिक पुलिस एडवाइजरी
गाजियाबाद और नोएडा की तरह बिहार के पटना और गया के लिए भी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पटना ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें जीबी रोड, चांद चौरा पूर्वी, बंगाली आश्रम से विष्णुपद, कोयरीबाड़ी मोड़ से विष्णुपद, नारायणी पुल से विष्णुपद पुलिस स्टेशन और बाटा मोड़ से टिकारी रोड का रास्ता पूरी तरह से बंद रहेगा।