Ladakh Standoff: पैंगोंग झील के पास एक नया पुल बना रहा चीन, सैटेलाइट तस्वीरों से हुआ बड़ा खुलासा

इस नए निर्माण को लेकर भारतीय रक्षा प्रतिष्ठान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या टिप्पणी नहीं आई है

अपडेटेड May 19, 2022 पर 11:10 AM
Story continues below Advertisement
पूर्वी लद्दाख में गतिरोध 4-5 मई 2020 को शुरू हुआ था

Ladakh Standoff: चीन पूर्वी लद्दाख में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पैंगोंग झील के आसपास के अपने कब्जे वाले क्षेत्र में एक दूसरे पुल का निर्माण कर रहा है। यह चीनी सेना के लिए इस क्षेत्र में अपने सैनिकों को जल्दी से पहुंचाने में मददगार हो सकता है। सैटेलाइट की तस्वीरों और इस घटनाक्रम से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी।

दो साल से अधिक समय से पूर्वी लद्दाख में कई तनाव वाले प्वाइंट पर भारतीय और चीनी सेनाओं में जारी गतिरोध के बीच पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस नए निर्माण को लेकर भारतीय रक्षा प्रतिष्ठान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या टिप्पणी नहीं आई है।

बता दें कि अगस्त 2020 में चीनी सैनिकों ने इस क्षेत्र में भारतीय सैनिकों को धमकाने की कोशिश की थी। इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय सैनिकों ने पैंगोंग झील के दक्षिणी तट पर कई रणनीतिक चोटियों पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद से चीन अपने सैन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।


LAC के पास बना रहा पुल

भारत भी सैन्य तैयारियों को बढ़ाने के समग्र प्रयासों के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलों, सड़कों और सुरंगों का निर्माण कर रहा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई को पता चला है कि चीन ने हाल ही में इलाके में पहले पुल का निर्माण कार्य पूरा किया है। सूत्रों ने कहा कि नया पुल वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से 20 किलोमीटर से अधिक दूर क्षेत्र में बनाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Porn Racket Case: शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा की बढ़ी मुश्किलें, ED ने अब दर्ज किया मनी लॉन्ड्रिंग का केस

LAC पर चीनी गतिविधियों पर नजर रखने वाले एक भू-स्थानिक खुफिया शोधकर्ता डेमियन साइमन ने ट्विटर पर नए निर्माण की सैटेलाइट से ली गईं तस्वीरें पोस्ट कीं। साइमन ने ट्विटर पर कहा कि पहले पुल के समानांतर एक 'बड़ा पुल' तैयार किया जा रहा है। इस निर्माण का संभावित लक्ष्य झील के ऊपर (सेना की) बड़ी/भारी आवाजाही में मदद करना है।

साइमन द्वारा पोस्ट की गई सैटेलाइट तस्वीरों में यह दिखाया गया है कि पुल एक साथ दोनों तरफ से बनाया जा रहा है। पुल से अंदरुनी रुडोक इलाके से पैंगोंग झील में एलएसी के आसपास के इलाकों में पहुंचने के समय में महत्वपूर्ण रूप से कमी आने की उम्मीद है।

2020 में पूर्वी लद्दाख में हुआ था विवाद

पूर्वी लद्दाख में गतिरोध 4-5 मई 2020 को शुरू हुआ था। भारत लगातार गतिरोध से पहले की यथास्थिति बहाल करने पर जोर देता रहा है। पूर्वी लद्दाख के गतिरोध को दूर करने के लिए भारत और चीन के बीच अब तक 15 दौर की सैन्य बातचीत हो चुकी है। वार्ता के फलस्वरूप दोनों पक्षों ने पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी तटों तथा गोगरा इलाके से सैनिकों को पीछे बुलाने का काम पूरा किया था।

भारत लगातार इस बात पर कायम रहा है कि LAC पर शांति और अमन द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है। वर्तमान में संवेदनशील क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर दोनों पक्षों के लगभग 50,000 से 60,000 सैनिक हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।